
अब रावण पर राजनीति::15 वर्षों से रावण दहन कर रहा कोरिया सर्व विकास …अब कांग्रेसी भी मैदान में..प्रशासन असमंजस में::देवेन्द्र तिवारी ने कहा संयुक्त हो आयोजन…
अनूप बड़ेरिया
भगवान राम ने जब रावण का वध किया और उसके बाद देश में दशहरा के दिन रावण दहन की परंपरा आरंभ हुई, तब भगवान राम ने यह सोचा भी नही होगा कि एक दिन छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रावण को लेकर राजनीति भी आरंभ हो जाएगी। अभी तक राम के नाम पर राजनीति की चर्चाएं गलियारों में गूंजती थी। लेकिन अब बैकुंठपुर शहर में रावण को लेकर हो रही राजनीति की चर्चा जोरों पर है। दरअसल भाजपा के दिग्गज दिवंगत नेता तीरथ गुप्ता की अगुवाई में पिछले 15 वर्षों से कोरिया सर्व समिति द्वारा दशहरे के दिन रामानुज मिनी स्टेडियम में रावण दहन का आयोजन किया जाता रहा है। हालांकि पिछले 2 वर्षों में कोरोना के कहर की वजह से यह आयोजन नही हो पाया। इस वर्ष कोरिया सर्व विकास समिति के अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी की अगुवाई मे एक बार फिर रामानुज मिनी स्टेडियम में रावण दहन की तैयारी आरम्भ की गई व 5 अक्टूबर दशहरा के दिन इस आयोजन की अनुमति के लिए प्रशासन को पत्र भी लिखा गया। इस बीच कांग्रेस के नेताओ ने भी रामानुज मिनी स्टेडियम में रावण दहन को लेकर प्रशासन से अनुमित के लिए पत्राचार कर दिया। जिसके बाद प्रशासन अब असमंज की स्थिति है। वहीं कोरिया सर्व विकास समिति द्वारा रावण के 50 फीट ऊंचाई के पुतला निर्माण का कार्य भी आरम्भ करवा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि कोरिया सर्व विकास समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में भव्य आतिशबाजी के साथ मनोरंजन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता रहा है। जिसमे हजारो की संख्या में भीड़ उमड़ पड़ती है।

जिसके बाद कोरिया सर्व विकास समिति के अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा है कि चूंकि मसला एक तरह से धार्मिक आस्था का भी है और शहरवासियों को भी इस आयोजन का इंतजार रहता है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि रावण दहन के लिए संयुक्त आयोजन की अनुमति दी जाए ताकि शहरवासियों के बीच एक स्वच्छ व सौदर्यपूर्ण वातावरण का संदेश जाए।
वहीं आपको बता दें कि नवरात्रि के पावन अवसर पर दो दिवसीय गरबा नाइट का आयोजन भी 1 व 2 अक्टूबर रामानुज स्टेडियम में कराया जा रहा है।
