
कांग्रेस सत्ता के लिए नही..आम आदमियों की लड़ाई लड़ती है…कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता..मोदी देश से माफी मांगे..
अनूप बड़ेरिया
कोरिया कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने शहर के राजीव भवन में आयोजित एक प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस कभी भी सत्ता की भूखी नही रही है। कांग्रेस सत्ता की लड़ाई के बजाए आम आदमियों के हितों की लड़ाई लड़ती है। उन्होंने कहा कि देश मे भाजपा की सरकार में आज किसानों की जो हालात है उसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। आज मोदी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के द्वारा बुलाई गई भारत बंद का समर्थन करती है। किसानों के द्वारा उठाई जा रही मांग जायज है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अंबिकापुर में न्याय यात्रा के दौरान केंद्र में सरकार बनने पर किसानों को एमएसपी कानून बनाने की गारंटी दी है।
उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता किसान और खेत मजदूर न्याय मांगने अब देश की राजधानी दिल्ली में नहीं आ सकता ? देश का अन्नदाता प्रधानमंत्री और देश की सरकार से न्याय न मांगे, तो कहाँ जाए ? देश में हर घंटे एक खेत मजदूर या किसान आत्महत्या का फंदा घूमने को मजबूर है। तो फिर किसान इस वादे की गारंटी क्यों न मांगे, क्योंकि आजकल सरकार हर बात की गारंटी दे रही है। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि एमएसपी की गारंटी का कानून होना चाहिए।एमएसपी कानून बनने से किसान को उसकी फसल का दाम मिलेगा, उसका शोषण नहीं होगा।
प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व विधायक अम्बिका सिंहदेव,पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, पूर्व नपा अध्यक्ष अशोक जायसवाल, सौरभ गुप्ता व लालदास महंत उपस्थित रहे।