
कोरबा लोकसभा::कांग्रेस में सन्नाटा…भाजपा ने तो चुनावी कार्यालय का भी कर दिया उद्घाटन.. जिलाध्यक्ष ने 1 लाख वोट से जीतने का किया दावा…
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर विधानसभा का चुनाव हारने के बाद कोरिया कांग्रेस लगभग कोमा की स्थिति में आ गई है। ऐसा एक भी क्षण नजर नहीं आ रहा जिसमें कांग्रेसी कार्यकर्ता चार्ज हो कर मैदान में दिखे हों। दरअसल कांग्रेस मठाधीश की वजह से कांग्रेस सत्ता में रहते हुए भी गुटबाजी की वजह से कांग्रेसी कार्यकर्ता नेपथ्य में चले गए थे। जितना कांग्रेस के 15 साल में विपक्ष में रहते कांग्रेसियों का अपमान नहीं हुआ, उतना तो 5 साल के कांग्रेस के सत्ता में रहते हुए अपमानित होना पड़ा। कांग्रेसी बताते हैं कि दरअसल कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव ने जिस प्रकार विधायक बनने के बाद दिग्गज कांग्रेसियों को साइड लगाने का काम करने के साथ ही जी जान से पार्टी हित में काम करने वाले कट्टर कांग्रेसियों को अपमानित किया वह किसी से छिपा नहीं है। नौसीखिए सलाहकारों की वजह से कार्यकर्ताओं का लगातार अपमान होता गया.. उनका कोई काम नहीं हुआ और वह धीरे-धीरे पार्टी की मुख्य धारा से किनारे चले गए। यही वजह है कि बैकुंठपुर विधानसभा में कांग्रेस की करारी हार हुई। इसके बाद भी पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव जिला संगठन में अपना वर्चस्व बनाने के लिए अपने करीबियों को जिला कार्यकारिणी में वह पद दिलवा दी इसके काबिल उपरोक्त पदाधिकारी कदापि नहीं थे। जिससे विधानसभा चुनाव के बाद भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का मनोबल कार्यकारिणी के गठन के बाद और ज्यादा टूट गया। जिससे पूरा कांग्रेसी खेमा ही लगभग लगभग कोमा में जाता नजर आ रहा है। यही वजह है कि अब कांग्रेसी खेमे में सन्नाटा दिख रहा है। केवल बड़े नेताओं की आने पर ही कुछ कांग्रेसी नजर आते हैं।
इसके उलट विधानसभा चुनाव के समय से ही भारतीय जनता पार्टी में जमकर उत्साह देखा जा रहा है। जिसका नतीजा परिणाम के रूप में भी आया उसके बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता फूल रिचार्ज होकर लगातार मैदान में नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी ने अभी प्रत्याशी की घोषणा की भी नहीं है और भाजपा ने कोरबा लोकसभा चुनाव की तैयारी करते हुए बैकुंठपुर विधानसभा में अपने कार्यालय का उद्घाटन भी कर लिया। चुनाव कार्यालय का उद्घाटन बैकुंठपुर के विधायक तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने किया। विधायक भैया लाल राजवाड़े ने कहा कि जिस तरह सेमीफाइनल हम पूर्ण बहुमत के साथ जीते हैं इस तरह फाइनल लोकसभा चुनाव में भी हम रिकॉर्ड बहुमत के साथ चुनाव जीतेंगे वहीं जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मोदी की गारंटी पर कोरबा लोकसभा का चुनाव हम एक लाख से अधिक वोटो के साथ जीत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौगात देंगे।
इस दौरान महामंत्री पंकज गुप्ता, विनोद साहू,कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल,संवाद प्रमुख विमलकांत गुप्ता,कार्यालय प्रभारी भानूपाल, जिला पंचायत सदस्य वंदना राजवाड़े, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मवती राजवाड़े,सहित बड़ी संख्या में भाजपा के सभी मोर्चों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।