
लड़ाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष की:: बदलेंगे चहेरे या होंगे रिपीट…कोरिया-MCB से ये हैं प्रबल दावेदार..आज आ रहे पर्यवेक्षक…
अनूप बड़ेरिया
छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश के बाद अब सभी जिलों में संगठन को मजबूत करने के दृष्टिकोण से जिलाध्यक्षों को बदलने की कवायद की जा रही है। जिसके लिए कोरिया और एमसीबी जिले के नियुक्त प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय आज कोरिया आ रहे हैं। जो कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी ,उसके बाद AICC में अपनी रिपोर्ट देंगे। हालांकि कांग्रेस के लिए जगजाहिर है की संगठन में नियुक्ति या विधानसभा-लोकसभा टिकट का मसला हो पर्यवेक्षक का आना रायशुमारी सब दिखावा रहता है। जिसे नियुक्त करना है या टिकट देना है वह आला नेता पहले से डिसाइड किए रहते हैं। कोरिया व एमसीबी में संगठन को मजबूत करने के लिए नेतृत्व क्षमता, ओजस्वी वक्ता व दमदार नेता होने के साथ ही ठेकेदारी या सप्लायर नहीं होने वाले नेता को ही प्राथमिकता देना चाहिए अन्यथा सरकारी सप्लाई या ठेकेदारी वाला जिलाध्यक्ष सत्ता पक्ष से दबा रहेगा।
अब बात यदि कोरिया जिलाध्यक्ष की हो तो वर्तमान अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता जी की कोरिया व एमसीबी के सर्वेसर्वा डॉ.चरणदास महन्त के काफी करीबी हैं। जिससे उनके रिपीट होने की संभावना बलवती है। लेकिन उनके अध्यक्षीय कार्यकाल से पार्टी के लोग ख़ासकर वरिष्ठ नेता खुश नही हैं। हाल में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव, नगरीय चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा रहा है। जिसकी जिम्मेदारी सेनापति होने के नाते प्रदीप गुप्ता के माथे ही थोपी गई।
कांग्रेस के ये हैं दमदार दावेदार-
1.योगेश शुक्ला-कोरिया कांग्रेस के सबसे दमदार दावेदारों में नाम आता है रनई जमीदार योगेश शुक्ला का.. कांग्रेस टाईगर के रूप में फेमस योगेश शुक्ला के पास जहां जोरदार नेतृत्व क्षमता है व ओजस्वी वक्ता होने के साथ-साथ उनके पास समर्थकों की फौज है पिछले दो पंचवर्षीय से विधायक की टिकट के दावेदार भी रहे हैं। यदि कांग्रेस इन्हें जिलाध्यक्ष बनाती है तो यकीनन कांग्रेस को कोरिया में एक नई गति मिलेगी।
2.अजय सिंह
पिछले तीन पंचवर्षीय से कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष का पद संभाल रहे युवा नेता अजय सिंह, जिनके लिए कहा जाता है कि इनके खून में ही कांग्रेस है। तन समर्पित, मन समर्पित और कांग्रेस के लिए पूरा जीवन समर्पित.. युवा नेतृत्व, ओजस्वी वक्ता व व्यवहार से कमाए कार्यकर्तओं की लंबी फेहरिस्त… कांग्रेस का कोई भी कार्यक्रम हो एक-एक कार्यकर्ता को फोन लगा कर बुलाना… उनके दुःख में आधी रात को दौड़ना यही खूबी अजय सिंह को लोकप्रिय बनाती है। यदि कांग्रेस ऐसे युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाती है तो निःसन्देह कोरिया में कांग्रेस का डंका बज जाएगा।
3.अनिल जायसवाल-पूर्व जनपद अध्यक्ष व पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी इस रेस में तगड़े दावेदार हैं। जनपद उपाध्यक्ष रहते हुए जिस प्रकार उन्होंने पार्टी व संगठन को मजबूती प्रदान की वह किसी से छिपा नही है। पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने अविभाजित कोरिया का दौरा कर अपना जनाधार बढ़ाने के साथ पार्टी को बढ़ाने का भी काम किया। अनिल जायसवाल युवा वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं व उनके पास शहर के साथ ग्रामीण अंचलों में भी समर्थकों की भरमार है। पार्टी यदि अनिल को मौका देती है तो वह पूरी ऊर्जा के साथ पार्टी को नई दिशा प्रदान करने में सहायक हो सकते हैं।
4.मुख्तार अहमद
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व राजीव ग़ांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष रहे मुख्तार अहमद पिछले 45 वर्षों से कांग्रेस के सच्चे सिपाही के रूप में पार्टी की सेवा कर रहे हैं जिस तरह से मुख्तार अहमद ने पार्टी के प्रति निष्ठा दिखाई है अभी तक पार्टी ने उनके कद के अनुरूप उन्हें पद से नहीं नवाजा। है यदि पार्टी उन्हें जिला अध्यक्ष का पद देती है तो यह उनका सम्मान तो होगा ही साथ ही जातिगत समीकरण का भी लाभ कांग्रेस को मिल सकता है।
5.शैलेंद्र सिंह
कांग्रेस के सच्चे कार्यकर्ता के रूप में शैलेंद्र सिंह की पहचान लंबे अरसे से बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के कद्दावर नेता विद्याचरण शुक्ल के करीबी रहे शैलेंद्र सिंह अपनी स्पष्टवादीता के लिए जाने जाते हैं। किसी भी गुटबाजी से अलग अपनी पहचान रखने वाले शैलेंद्र सिंह केवल और केवल कांग्रेस पार्टी के लिए ही काम करना पसंद करते हैं। जिला अध्यक्ष पद के लिए वह कांग्रेस के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।
5.विकास श्रीवास्तव
जिलाध्यक्ष पद के लिए धूमकेतु की तरह उभरा यह नाम विकास श्रीवास्तव जो छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहा है। किसी जमाने में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेहद करीबी तथा पूर्व विधायक गुलाब सिंह व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत से विकास की नजदीकियां जगजाहिर रही हैं। युवा हस्ताक्षर विकास श्रीवास्तव अभी वर्तमान में पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव के भी बेहद गरीबी माने जाते हैं। यदि कांग्रेस पार्टी भाजपा की तर्ज पर कम करें तो विकास श्रीवास्तव भी कांग्रेस जिला अध्यक्ष की बागडोर संभालने के काबिल हैं। युवा चेहरे पर दांव लगाना कांग्रेस के लिए फायदेमंद भी हो सकता है।
वही MCB जिले से पूर्व मेयर के डमरू रेड्डी का पलड़ा भारी बताया जा रहा है साथ ही दौड़ में वर्तमान जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, राजकुमार केसरवानी व ओम प्रकाश गुप्ता का भी नाम तेजी से दौड़ रहा है।
बहरहाल इन दावेदारों के अलावा और भी दावेदार सामने आ सकते हैं लेकिन इतना तय है कि जिसकी फील्डिंग टाइट होगी वरिष्ठ नेताओं का सपोर्ट मिलेगा और कार्यकर्ताओं की भीड़ लेकर जो पर्यवेक्षक के सामने अपना शक्ति प्रदर्शन करेगा उसका ही पलड़ा भारी रहेगा। लेकिन सच्चाई यही है कि डॉक्टर चरणदास महन्त का जिस पर हाथ होगा, वहीं कांग्रेस का जिला अध्यक्ष बनेगा चाहे वह पद के काबिल हो अथवा..?
ANUP BADERIYA
BAIKUNTHPUR KOREA C.G




