
बैकुण्ठपुर जिला अस्पताल को 300 बेड क्षमता वाला बनाने की मांग हुई स्वास्थ्य मंत्री से, अधूरे जिला अस्पताल भवन को पूर्ण कराने की भी हुई मांग
अनूप बड़ेरिया
बैकुण्ठपुर – प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कोरिया आगमन पर छग सद्भाव पत्रकार संघ की कोरिया इकाई के प्रतिनिधि मण्डल ने वरिष्ठ पत्रकार दिनेश बड़ेरिया के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर बैकुण्ठपुर जिला अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 300 बेड करने की मांग की साथ ही दो वर्षों से बंद पड़े नए जिला अस्पताल भवन को शीघ्र पूरा कराने की भी आग्रह स्वास्थ्य मंत्री से किया गया ।इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन को शीघ्र पूरा करने के लिए राशि स्वीकृत की गई है । शीघ्र ही काम पूरा किया जावेगा। उन्होनें मौके पर उपस्थित सीएमएचओ डॉ. प्रशान्त सिंह से जिला अस्पताल के संबंध में जानकारी ली सीएमएचओ डॉ. सिंह ने बताया कि, वर्तमान में बैकुण्ठपुर जिला अस्पताल की क्षमता 100 बिस्तर की है । इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने जिला अस्पताल की क्षमता वृद्धि की मांग को उचित ठहराया और कहा कि, इस पर सरकार सहानुभूति पूर्वक विचार करेगी । उपस्थित प्रतिनिधि मण्डल द्वारा श्री जायसवाल को बैकुण्ठपुर में नर्सिंग कालेज स्वीकृत करने पर आभार व्यक्त किया श्री जायसवाल ने कहा कि, नर्सिंग कॉलेज के लिए शीघ्र जमीन उपलब्ध कराए ताकि काम शुरू हो सके ।




