
दिल्ली महारैली की तैयारी तेज़, रायगढ़ जिला युवा कांग्रेस की रणनीतिक बैठक संपन्न ….उत्साह व जोश से लबरेज युवा कार्यकर्ता 14 दिसंबर की रैली में दिखाएंगे दमखम,…इन्होंने बताया जत्थों की अंतिम रूपरेखा तय
रायगढ़।
रायग। दिल्ली में आगामी 14 दिसंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली में अधिकतम संख्या में युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिला युवा कांग्रेस (ग्रामीण) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रायगढ़ जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुँचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

बैठक में रैली को सफल बनाने के लिए जिले से जाने वाले युवा कार्यकर्ताओं के जत्थों की सूची, यात्रा व्यवस्थाओं, रैली में रायगढ़ जिले की प्रभावशाली उपस्थिति तथा संगठनात्मक सूचनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी ब्लॉकों से युवा प्रतिनिधियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी और रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश पाण्डेय ने संबोधित करते हुए कहा कि 14 दिसंबर की यह महारैली केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ युवाओं की एक मजबूत आवाज़ साबित होगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले के युवाओं की भागीदारी हमेशा ही उल्लेखनीय रही है और इस बार भी जिले की एकजुटता दिल्ली में साफ दिखेगी।
इसी क्रम में जिला युवा कांग्रेस (ग्रामीण) के अध्यक्ष उस्मान बेग ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और जोश ही कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठित तरीके से रैली हेतु अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का आग्रह किया।

बैठक में जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, NSUI जिला अध्यक्ष अरिफ़ हुसैन सत्पुरुष महर्षि, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी ने आगामी रैली के लिए अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पूर्ण निष्ठा से योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में रैली को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया तथा जिलेभर में युवा कांग्रेस द्वारा व्यापक संपर्क अभियान चलाने पर सहमति बनी। रायगढ़ जिला युवा कांग्रेस 14 दिसंबर को दिल्ली में अपनी मज़बूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।




