
हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में शिव महापुराण कथा, सुदूर वनांचल में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खम्हार गांव में भव्य धार्मिक आयोजन….मुख्यमंत्री ने लिया बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज का आशीर्वाद और कहा सनातन संस्कृति से सामाजिक समरसता मजबूत होती है
रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत सुदूर आदिवासी अंचल बरगढ़ खोला के ग्राम खम्हार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। यह भव्य धार्मिक आयोजन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन परंपरा और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक समरसता को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि सुदूर वनांचल क्षेत्र में इतने विशाल और श्रद्धापूर्ण आयोजन का होना पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य और पुण्य का विषय है।

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और कहा कि इतनी कम आयु में शिव महापुराण जैसे महान ग्रंथ का संगीतमय और भावपूर्ण कथा वाचन प्रभु की विशेष कृपा का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि अनेक शासकीय दायित्वों के बावजूद उनका मन इस दिव्य आयोजन में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करता रहा, भले ही कुछ समय के लिए ही सही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आयोजन समिति एवं आयोजन के संकल्पकर्ता मनु राठिया की सराहना करते हुए कहा कि एक मध्यम वर्गीय परिवार द्वारा वनांचल क्षेत्र में इतना भव्य धार्मिक आयोजन करना असाधारण साहस और बड़े हृदय का परिचायक है। यह आयोजन केवल एक परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे अंचल को पुण्य लाभ से जोड़ने वाला है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह वही पावन भूमि है जहां प्रभु श्रीराम ने वनवास काल का अधिकांश समय व्यतीत किया। माता शबरी के जूठे बेरों की महिमा आज भी जन-जन के हृदय में जीवंत है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल से बने प्रसाद का उल्लेख करते हुए इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जांजगीर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शिव महापुराण कथा जैसे आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक एकता को सशक्त करने वाले माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति और कथा व्यास को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिव महापुराण कथा का संगीतमय वाचन अकोला (महाराष्ट्र) से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास श्री कृष्णा दुबे महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती सहित संपूर्ण शिव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन हो रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। आयोजन को सफल बनाने में श्री महेश साहू एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।




