
योग से स्वास्थ्य की ओर कदम: जूनापारा के तलवापारा में निःशुल्क पाँच दिवसीय योग शिविर का भव्य शुभारंभ
योग से स्वास्थ्य की ओर कदम: जूनापारा के तलवापारा में निःशुल्क पाँच दिवसीय योग शिविर का भव्य शुभारंभ
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, संचालनालय आयुष तथा जिला आयुष अधिकारी,कोरिया के मार्गदर्शन में ग्राम जूनापारा के मोहल्ला तलवापारा में आज निःशुल्क पाँच दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
योग शिविर के पहले ही दिन बच्चों, युवाओं,महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी सहभागिता देखने को मिली। सुबह की ताज़गी भरी वातावरण में प्रशिक्षित योग शिक्षक कृष्णा राजवाड़े एवं उनकी टीम द्वारा योगासन,प्राणायाम एवं सरल ध्यान अभ्यास कराए गए,जिससे प्रतिभागियों ने मानसिक शांति एवं शारीरिक स्फूर्ति का अनुभव किया।
यह शिविर 01 फरवरी से 05 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 06:30 बजे से 08:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं लोगों को निरोगी,संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जिला आयुष अधिकारी,कोरिया ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि योग न केवल रोगों से बचाव का सशक्त माध्यम है,बल्कि यह तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन का आधार भी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में सहभागिता निभाने का आग्रह किया।




