
अफीम खेती पर सख्त सरकार: पूरे प्रदेश में सर्वे के आदेश, 15 दिन में सभी कलेक्टरों को देनी होगी रिपोर्ट
अनूप बड़ेरिया
रायपुर, 12 मार्च 2026। प्रदेश में अवैध रूप से अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों को संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राज्य के किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती न हो रही हो। उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि 15 दिवस के भीतर प्रमाण पत्र सहित विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और कारोबार के प्रति सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर अपने-अपने जिलों में सर्वे कर जांच रिपोर्ट भेजने तथा जिले में अफीम की खेती नहीं होने संबंधी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।




