
राजनीति में रस्मो-रिवाज़ से ऊपर उठी संवेदना : छात्र की मृत्यु से व्यथित जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह नहीं मनाएंगे जन्मदिन शोक संवेदना के बीच सादगी का निर्णय;समर्थकों से की अपील – उत्सव नहीं,पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का है समय
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/राजनीति में अक्सर शक्ति प्रदर्शन और उत्सवों का दौर देखा जाता है,लेकिन सोनहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और जिला पंचायत कोरिया के सदस्य सुरेश सिंह ने संवेदनशीलता की एक बड़ी मिसाल पेश की है। क्षेत्र के एक प्रतिभावान छात्र की आकस्मिक मृत्यु से दुखी होकर उन्होंने इस वर्ष अपना जन्मदिन नहीं मनाने का साहसिक और भावुक निर्णय लिया है।

दुखद घटना से आहत है मन
जानकारी के अनुसार, कल पोस्ट मैट्रिक छात्रावास कटगोड़ी में अध्ययनरत कक्षा 11वीं के छात्र सुरेश सिंह (पिता भीम सिंह) द्वारा आत्महत्या किए जाने की हृदयविदारक घटना सामने आई थी। इस खबर ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही सुरेश सिंह गहरे शोक में डूब गए और उन्होंने तत्काल अपने सभी आगामी कार्यक्रमों को रद्द करने की घोषणा कर दी।
शुभचिंतकों से भावुक अपील
सुरेश सिंह ने अपने साथियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से अपील करते हुए कहा—
“एक होनहार बच्चे का हमारे बीच से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। जब क्षेत्र का एक परिवार अपने लाडले को खोने के असहनीय दुख से गुजर रहा हो,ऐसे समय में किसी भी प्रकार का उत्सव या जश्न मनाना उचित नहीं है। मैं इस वर्ष अपना जन्मदिन नहीं मना रहा हूँ।”
पीड़ित परिवार के लिए मांगी शक्ति
सुरेश सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और कहा कि इस कठिन घड़ी में वे पूरी तरह से शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने समर्थकों से भी आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार का स्वागत समारोह आयोजित न करें, बल्कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को संबल प्रदान करने में अपनी भूमिका निभाएं। यह निर्णय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे लोग एक जनप्रतिनिधि की सच्ची मानवीय संवेदना के रूप में देख रहे हैं।




