
ATM से चल रहा था ड्रग्स का काला खेल! चिरमिरी पुलिस का बड़ा धमाका—मास्टरमाइंड समेत पूरा गिरोह धराया..
अनूप बड़ेरिया
नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में चिरमिरी पुलिस ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात रसल एक्का गैंग का पर्दाफाश कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई में गिरोह के सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिससे पूरे नेटवर्क की कमर टूट गई है।
सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने गिरोह की अंतिम कड़ी रंजीत कुमार विश्वकर्मा (40 वर्ष), निवासी नवादा (जिला गढ़वा) को गिरफ्तार किया। उसके पास से हैदराबाद निवासी वैंदला वासु का ATM कार्ड बरामद हुआ, जिसके जरिए नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार की रकम का लेन-देन किया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि यह ATM कार्ड खुद गैंग के मास्टरमाइंड रसल एक्का ने रंजीत को दिया था। इसी कार्ड के माध्यम से पूरे नेटवर्क का फाइनेंशियल सिस्टम संचालित हो रहा था। इस खुलासे ने नशा तस्करी के पूरे आर्थिक तंत्र को बेनकाब कर दिया।
इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत 7 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब पुलिस ने शेख अल्ताफ और किशन रजक को नशीले इंजेक्शन बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर शुभम यादव को हिरासत में लिया गया, जिससे इस नेटवर्क के सरगना रसल एक्का का नाम सामने आया।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए रसल एक्का को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूला कि सरगुजा संभाग में नशे की सप्लाई उसी के नेटवर्क से हो रही थी। उसकी निशानदेही पर वैंदला वासु (हैदराबाद) और रजत कुमार (सूरजपुर) को भी गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल गिरोह के सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और उन्हें जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया है।
इस पूरे ऑपरेशन को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
टीम में नईम खान, राजीव रंजन तिवारी, अमित गुप्ता, सचिन खुरसेल और प्रमोद साहू की विशेष भूमिका रही।
इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि पुलिस अब नशा तस्करों के खिलाफ पूरी ताकत से अभियान चला रही है और अंतरराज्यीय नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।




