
विकास श्रीवास्तव को मिली अहम जिम्मेदारी..जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की, संगठन को मिलेगी मजबूती
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा पंचायत, वार्ड एवं बूथ स्तर पर संगठन के गठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लॉकों में प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता द्वारा आदेश जारी किया गया।
जारी सूची के अनुसार बैकुंठपुर ग्रामीण ब्लॉक में श्री विकास श्रीवास्तव, बैकुंठपुर शहर में श्री राजीव गुप्ता, शिवपुर-चरचा शहर में श्री हेमसागर यादव एवं सोनहत ब्लॉक में श्री प्रकाश चंद साहू को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि सभी नियुक्त प्रभारी अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में संबंधित ब्लॉक अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए बैठकें आयोजित करेंगे और पंचायत, वार्ड एवं बूथ कमेटियों के गठन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करेंगे। साथ ही आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी एवं फोटोग्राफ 25 मार्च 2026 तक जिला कांग्रेस कमेटी को भेजना अनिवार्य होगा, ताकि प्रदेश स्तर पर जानकारी प्रेषित की जा सके।
जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए यह नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने सभी प्रभारियों से सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई है।
कांग्रेस नेता विकास श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है वह उस पर खरे उतरने का प्रयास करेंगे, पार्टी व संगठन की मजबूती के लिए हर सम्भव प्रयास किया जाएगा।




