
“कांग्रेस ने जिला बनाया, BJP सिर्फ फीता काट रही” — गुलाब कमरो का मंत्री पर जोरदार हमला
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में प्रस्तावित जिला पंचायत भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद सियासत गरमा गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तीखा पलटवार करते हुए कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुलाब कमरो ने मंत्री के उस बयान को, जिसमें उन्होंने कहा था कि “कांग्रेस ने केवल कागजों में जिला बनाया,” पूरी तरह भ्रामक और झूठा करार दिया। उन्होंने दो टूक कहा— “मंत्री जी और कितना झूठ बोलेंगे? जिले की जनता हकीकत जानती है कि वर्षों पुरानी मांग को कांग्रेस सरकार ने ही पूरा किया।”
कमरो ने बताया कि जिले के गठन के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह स्थापित की गई थी। उनके अनुसार, कांग्रेस शासनकाल में पी.एस. ध्रुव और नरेंद्र दुग्गा जैसे अधिकारी कलेक्टर के रूप में पदस्थ रहे, जबकि टी.आर. कोशिमा, सिद्धार्थ तिवारी और चंद्र मोहन सिंह ने पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अन्य विभागों की भी विधिवत स्थापना की गई थी, जिससे जिला सुचारू रूप से संचालित होता रहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती दौर में कोरिया जिले से अधिकारियों को प्रभार देना एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया होती है, जिससे नए जिले की व्यवस्था मजबूत होती है।
पूर्व विधायक ने मंत्री की जानकारी पर सवाल उठाते हुए कहा— “15 वर्षों तक रमन सिंह की सरकार रही, तब नया जिला क्यों नहीं बनाया गया? उस समय मंत्री जी भी विधायक थे।”
कमरो ने आगे कहा कि अगर कांग्रेस सरकार ने जिला निर्माण की प्रक्रिया पूरी नहीं की होती, तो आज भाजपा नेता उसी काम का भूमि पूजन नहीं कर रहे होते। मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर भी उन्होंने मंत्री को घेरते हुए कहा कि इसकी घोषणा और बजट प्रावधान भी कांग्रेस सरकार के समय ही किया गया था।
अंत में कमरो ने तंज कसते हुए कहा— “भाजपा नेता कांग्रेस के स्वीकृत कार्यों का भूमि पूजन कर वाहवाही लूट रहे हैं।”
इस बयान के बाद जिले की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले समय में यह मुद्दा और गरमाने के आसार हैं।




