
गोबरसिंहा स्कूल परिसर से 11 केवी ट्रांसफार्मर हटाने की पहल, अजय जवाहर नायक की त्वरित कार्रवाई ….विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता…. निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द शिफ्टिंग के निर्देश
रायगढ़। हायर सेकेंडरी स्कूल गोबरसिंहा परिसर के भीतर स्थित 11 केवी ट्रांसफार्मर को लेकर लंबे समय से बनी सुरक्षा चिंताओं के बीच अब समाधान की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है। स्कूल के शिक्षकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा ट्रांसफार्मर को परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का निवेदन किए जाने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक ने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई की।

निवेदन के अगले ही दिन अजय जवाहर नायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द स्कूल परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसी भी संभावित दुर्घटना की आशंका समाप्त हो।
गौरतलब है कि स्कूल परिसर के भीतर स्थित ट्रांसफार्मर से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई थी। इस गंभीर मुद्दे को शाला विकास समिति के सदस्य मुरलीधर पटेल के नेतृत्व में शिक्षकों ने एक दिन पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष के समक्ष रखा था। उन्होंने चेताया था कि ट्रांसफार्मर किसी भी समय बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है, इसलिए इसे तत्काल हटाना अत्यंत आवश्यक है।
अजय जवाहर नायक की इस त्वरित और संवेदनशील पहल पर मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, स्थानीय नागरिकों और शिक्षकों ने जनप्रतिनिधि की सक्रियता और बच्चों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की है।




