
विकसित भारत 2047 की नींव मजबूत करता केंद्रीय बजट 2026-27 ….अंत्योदय से आधुनिक भारत तक की यात्रा का सशक्त रोडमैप, हर वर्ग के सपनों को देता है उड़ान – विकास केडिया
रायगढ़।
भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री विकास केडिया ने संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के उज्ज्वल भविष्य का भरोसेमंद रोडमैप है।
प्रेस को जारी बयान में विकास केडिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट “अंत्योदय और आधुनिक भारत के बीच सेतु” का कार्य करेगा। यह बजट गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि बजट में बुनियादी ढांचे के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन किया गया है, जिससे रायगढ़ जैसे उभरते औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। मध्यम शहरों के विकास के लिए घोषित योजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करेंगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगے।
विकास केडिया ने कहा कि भारत-विस्तार बहुभाषी एआई पोर्टल की शुरुआत तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देगी, जिससे अन्नदाताओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वहीं हर जिले में वर्किंग महिला छात्रावास बनाने का निर्णय महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में 17 कैंसर रोधी दवाओं पर सीमा शुल्क समाप्त करने और बायोफार्मा शक्ति योजना से गंभीर बीमारियों के इलाज में आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाएं छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर देश की कनेक्टिविटी, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
मध्यम वर्ग के लिए नई कर व्यवस्था में मानक कटौती 75,000 रु करना और 12.75 रु लाख तक की आय को कर-मुक्त करना ऐतिहासिक निर्णय है, जिससे नौकरीपेशा वर्ग को बड़ी राहत और अधिक बचत का अवसर मिलेगा।
अंत में विकास केडिया ने इस जनहितैषी, समावेशी और दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत को शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को निश्चित रूप से प्राप्त करेगा।




