
तंहु खुश.. सब्बो जन खुश..के चक्कर मे कोरिया जिला कांग्रेस कमेटी की सूची हुई विवादित…अब एक और संयुक्त सचिव और महामंत्री ने दिया इस्तीफा… आज का चौथा… कल 3 और तैयार…
अनूप बड़ेरिया
सब को खुश करने के चक्कर में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नजीर अजहर अपनी चौथी पारी में जिला कांग्रेस कमेटी सूची करने के साथ ही उपहास के पात्र बनते नजर आ रहे हैं सूची जारी होने के साथ ही शुक्रवार को एक के बाद एक चार पदाधिकारियों ने अपनी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। जिसका सोशल मीडिया में भाजपाई मजाक उड़ा रहे हैं। आज सुबह ही मकसूद आलम व दिग्गज कांग्रेसी बृजवासी तिवारी के बाद जिला संयुक्त महामंत्री साहब अख्तर सिद्दीकी और जिला संयुक्त सचिव शारदा प्रसाद दुबे ने भी अपना इस्तीफा दे दिया है।

दरअसल सभी जिला कार्यकारिणी में अपने डिमोशन से दुखी नजर आ रहे हैं। कांग्रेसी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कल 3 और कांग्रेस पदाधिकारी अपने पदों से त्यागपत्र दे सकते हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या ज्यादा भी हो सकती है। वही कुछ कांग्रेस के पदाधिकारी जिनको बड़े पदों से हटा कर लाली पॉप के रूप में जिला कार्यकारिणी में जगह दी गई है वह मजबूरी में अपने स्वाभिमान को ताक में रखकर अपमान का घूंट पीकर इसलिए चुप हैं क्योंकि अभी 3 साल और सत्ता सुख लेना बचा हुआ है। जिला कार्यकारिणी की सूची देखकर साफ जाहिर है कि जिला अध्यक्ष नजीर अजहर ने अपनी चौथी पारी में सभी विधायकों और अपने करीबियों को खुश करने के चक्कर में अपनी राजनीतिक पारी की सबसे बड़ी चूक कर दी है।