
बलौदा बाजार कलेक्ट्रेट आगजनी: कांग्रेस ने सरकार पर साजिश रचने का लगाया आरोप ….पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने कहा, भाजपा सरकार ने प्रशासन को पंगु बना कर कांग्रेस पर झूठे आरोप मढ़ने की कोशिश की है
शमशाद अहमद/-
रायगढ़।
बलौदा बाजार घटना को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने महत्वपूर्ण बिंदुओं को उठाया। उन्होंने कहा कि बलौदा बाजार कलेक्ट्रेट दफ्तर को आग के हवाले करने की यह घटना देश में अपनी तरह की पहली घटना है। कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर विधानसभा में भी सरकार को घेरने का प्रयास किया।
उमेश पटेल ने आरोप लगाया कि सरकार ने इस घटना को कांग्रेस के खिलाफ मोड़ने की कोशिश की है। उन्होंने यह भी कहा कि एक सिटिंग एमएलए को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है, जबकि वह इस घटना से जुड़े नहीं थे। कांग्रेस पर आरोप मढ़ने के लिए यह साजिश रची गई है। वह सिर्फ पांच मिनट के लिए पहुंचे थे और वापस लौट आए थे। उन्होंने यह भी दावा किया है की नागपुर से लगभग 250 लोग इसमें शामिल हुए इस पर साय सरकार जांच क्यों नहीं करवा रही है।
उमेश पटेल ने दावा किया कि पुलिस और प्रशासन को भाजपा सरकार ने पंगु बना दिया है, जिससे यह घटना घटित हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास इस मामले में भाजपा के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं है, और आरोप लगाया कि एक व्यक्ति, जिसकी मृत्यु घटना से पहले हो चुकी थी, उसे भी इस मामले में शामिल करने का प्रयास किया गया। उमेश पटेल ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार का चरित्र और व्यवहार 8 माह में अलोकतांत्रिक हो गया है। बलौदा बाजार मामले में सतनामी समाज और कांग्रेस के लोगों को चिन्हांकित कर जेल में डालने का काम किया गया। उमेश पटेल ने बलौदा बाजार घटना के मामले में कहा कि साय सरकार की अकर्मण्यता की वजह से कानून व्यवस्था बिगड़ी यदि समय रहते जैत खाम को क्षति पहुंचाने वालों पर त्वरित कार्रवाई की गई होती तो इस तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं होती।
कांग्रेस भाजपा सरकार के इस चरित्र से डरने वाली नहीं है इस तरह के कृत्य को लेकर मजबूती से सरकार के खिलाफ जनता की आवाज उठाएंगे।
इसके साथ ही उमेश पटेल ने पुसौर मामले में भी पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि साय सरकार को इस मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसे सुधारने की आवश्यकता है न कि कांग्रेस पर झूठे आरोप मढ़ने की।