
भवानी तिगड्डा में गूंजा हर-हर महादेव, विशाल भोग भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
सावन के चौथे सोमवार पर दुर्गा पूजा समिति के सक्रिय सदस्य मनोज सोनी ने कराया भव्य भंडारा, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
लालदास महंत
बैकुण्ठपुर। हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति के उल्लास के बीच सावन के पावन अवसर पर भवानी तिगड्डा में विशाल भोग भंडारे का आयोजन किया गया। सावन के प्रत्येक सोमवार को स्थानीय भक्तों द्वारा भंडारा आयोजित करने की वर्षों पुरानी परंपरा इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रही।
सावन के चौथे सोमवार 24 अगस्त को भवानी तिगड्डा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में पीपल पेड़ के नीचे विशाल भोग भंडारे का आयोजन किया गया। दुर्गा पूजा समिति भवानी तिगड़ा के सक्रिय सदस्य एवं अंकित ज्वेलर्स के प्रोपराइटर मनोज सोनी द्वारा आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुआ भंडारा शाम तक निरंतर चलता रहा। इस दौरान भवानी तिगड्डा सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भोग-प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी, जहां भक्तों ने सेवा और धार्मिक आस्था के इस आयोजन की सराहना की।

सावन के पवित्र महीने में आयोजित इस भंडारे से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय माता दी’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। स्थानीय भक्तों ने कहा कि सावन में प्रत्येक सोमवार भंडारा आयोजित करने की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सेवा के साथ भगवान शिव एवं माता की आराधना करना है।
आयोजनकर्ता मनोज सोनी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा, श्रद्धा और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। सावन के पावन अवसर पर भंडारे में श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
भव्य भोग भंडारे के सफल आयोजन में स्थानीय भक्तों एवं सहयोगियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।




