
कोरिया में दिल दहला देने वाली वारदात: भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को कार सहित जिंदा जलाने का आरोप, इलाके में सनसनी
नौगई गांव में आधी रात हुआ खूनी विवाद, शिक्षक भी झुलसे; सरगुजा आईजी दीपक झा ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
अनूप बड़ेरिया
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद हृदय विदारक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कुछ ग्रामीणों ने उनकी फार्च्यूनर वाहन में आग लगा दी, जिसमें वे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में शिक्षक नागेंद्र सिंह भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य युवकों के भी गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आ रही है।
सूत्रों के अनुसार यह पूरी घटना मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर विवाद का कारण रेत (बालू) से जुड़ा मामला बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को रात में ही हिरासत में ले लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही कोरिया पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में गिने जाते थे और सोनहत क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी। घटना के बाद पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।




