कोरिया जिले के क्रिकेट ट्रायल की तारीख तय, 31 अगस्त से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
मनेन्द्रगढ़/कोरिया। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार सत्र 2027-28 के लिए जिला क्रिकेट संघ कोरिया द्वारा पुरुष वर्ग के क्रिकेट ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में जिला क्रिकेट संघ कोरिया के सदस्यों एवं चयनकर्ताओं की मौजूदगी में खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंडर-14 वर्ग का ट्रायल 31 अगस्त को होगा। इसके लिए कट-ऑफ तिथि 1 सितंबर 2012 निर्धारित की गई है। वहीं अंडर-16 वर्ग का ट्रायल भी 31 अगस्त को आयोजित किया जाएगा, जिसकी कट-ऑफ तिथि 1 सितंबर 2011 है। अंडर-19 वर्ग का ट्रायल 1 सितंबर को होगा और इसके लिए कट-ऑफ तिथि 1 सितंबर 2008 निर्धारित की गई है।

सीएससीएस के पर्यवेक्षक की मौजूदगी में होगा चयन
ट्रायल के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) की ओर से कमल घोष पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, सचिव आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित चावड़ा, विनोद जायसवाल, सारदा मरावी, संजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य चयन प्रक्रिया में उपस्थित रहेंगे।
सहायक के रूप में रणजीत सिंह रैना (गोलू) और किशन कुमार केवट के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
सफेद ड्रेस और क्रिकेट किट लाना अनिवार्य
क्रिकेट संघ ने ट्रायल में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए सफेद ड्रेस एवं अपनी क्रिकेट किट साथ लाना अनिवार्य किया है। केवल पंजीकृत एवं रिन्यूवल कराए हुए खिलाड़ी ही ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगे।
संघ की ओर से खिलाड़ियों को निर्देश दिया गया है कि यदि किसी खिलाड़ी का कोई आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, तो वह ट्रायल शुरू होने से पहले संबंधित दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर ले।
क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए यह ट्रायल जिले से बेहतर खिलाड़ियों को चुनकर आगे राज्य स्तरीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।




