♦इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦

चरचा की बंद अलमारी का खुला राज! पटना पुलिस ने 4.92 लाख का सोना-चांदी बरामद किया

बीटीसी कॉलोनी में घर से जेवर-नकदी चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार और एक अपचारी बालक पकड़ा गया

चोरी के जेवर बेचकर रकम बांट चुके थे आरोपी; पुलिस ने 29.91 ग्राम सोना, 177 ग्राम चांदी, नकदी और मोटरसाइकिल समेत बड़ी मात्रा में माल किया बरामद

अनूप बड़ेरिया

कोरिया/चरचा। बीटीसी कॉलोनी चरचा में घर का दरवाजा खुला छोड़कर बाहर गए परिवार के मकान से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले का पटना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके बताए स्थानों से सोने-चांदी के जेवर समेत कुल करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है।

घर सूना मिला तो तोड़ दी अलमारी

पुलिस के अनुसार, 22-23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात तनमय भंडारी के बीटीसी कॉलोनी चरचा स्थित घर में चोरी हुई थी। घटना के समय परिवार ग्राम दुर्गापुर, आसनसोल, पश्चिम बंगाल गया हुआ था। 22 अगस्त को पड़ोसी रमेश कुमार ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर दरवाजे का लॉक निकला हुआ और अंदर अलमारी टूटी मिली।

अलमारी में रखे सोने का हार, कान के जेवर, अंगूठियां, मांग टीका, बच्चे का सोने का लॉकेट, चांदी के कड़े, चांदी की पायल और कमरबंद सहित करीब 2 लाख 99 हजार रुपये कीमत के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिला सुराग

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चरचा एवं साइबर सेल की टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पूछताछ का सिलसिला आगे बढ़ाया, जिसके बाद हर्यवर्धन शर्मा और एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में चोरी की वारदात स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने चोरी के माल की बरामदगी की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी।

पुलिस के मुताबिक, अपचारी बालक के निशानदेही पर 5 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं आरोपी हर्यवर्धन शर्मा के कब्जे से चोरी के रुपयों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।

चोरी के जेवर खपाने की भी खुली कड़ी

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को बेचने के लिए सलका निवासी अक्षय बसोर को दिया गया था। इसके बाद आभूषणों को पटना के सतेंद्र सोनी के पास बेच दिया गया। पुलिस ने चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े आरोपियों तक पहुंचकर जेवर बरामद किए।

बरामद माल में करीब 29.91 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये, तथा 177 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 42 हजार 300 रुपये बताई गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 4 लाख 92 हजार 300 रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक अभिरक्षा में

पुलिस ने मामले में—

  • हर्यवर्धन शर्मा, पिता दुर्गा शर्मा, उम्र 18 वर्ष 9 माह, निवासी बीटीसी कॉलोनी चरचा
  • अक्षय, पिता स्व. चिरंजीव प्रसाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सलका, थाना बैकुंठपुर
  • सतेंद्र सोनी, पिता स्व. धनुधारी प्रसाद सोनी, उम्र 42 वर्ष, निवासी बाजारपारा, पटना
  • एक अपचारी बालक

को कार्रवाई के दायरे में लिया है। सभी को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह गौतम, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, राकेश भगत, अमित त्रिपाठी, आरक्षक बृजेश सिंह, प्रभुनारायण, साइबर सेल के आरक्षक सजल जायसवाल, ऑपरेशनल टीम के अमरानंद, अमल कुजूर, सैनिक राजेश टांडे एवं विकास सिंह का सहयोग रहा।

एसपी ने आमजन से की अपील

पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि अपराध एवं चोरी की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस का सबसे बड़ा सहयोग आमजन से मिलने वाली सूचना है। किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से चोरी का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में पुलिस के प्रति आमजन का भरोसा और मजबूत हुआ है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button



स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!
Close