
कांग्रेस जिला अध्यक्ष नजीर ने करायी सुलह… विधायक डॉ. विनय और नपा उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी के बीच….
शराफत अली मनेन्द्रगढ़
कोरिया कांग्रेस जिला अध्यक्ष नजीर अजहर कांग्रेस मनेंद्रगढ़ पहुंचने के बाद दावा किया कि उन्होंने मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल और नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी के बीच के मतभेद को सुलझा दिया है। इन दोनों नेताओं के बीच आपसी सामंजस्य बनाने को लेकर रविवार को कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेश शर्मा के निवास पर जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, स्थानीय विधायक डॉ विनय जायसवाल, भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो, नपा अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल व उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी सहित नेता उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने स्थानीय विधायक डॉ विनय जायसवाल के ऊपर मनेंद्रगढ़ के विकास में बाधक बनने का आरोप लगाते हुए अपने शाला विकास समिति के पद से इस्तीफा देते हुए मीडिया व सोशल मीडिया में बयानबाजी की थी। लेकिन डॉ विनय जायसवाल ने सार्वजनिक रूप से इस सम्बंध में कोई बयान नही दिया।
आपको बता दें कि एक समय कृष्ण मुरारी तिवारी विनय जायसवाल के काफी करीबियों में एक माने जाते रहे। कृष्ण मुरारी तिवारी ने विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए डॉ. विनय जायसवाल के समर्थन में अपनी दावेदारी वापस ली थी। लेकिन बीते दिन नेपथ्य में ऐसा कुछ हुआ कि नपा उपाध्यक्ष खुल कर विधायक के विरोध में आ गए। जिससे कांग्रेस पार्टी को भी क्षति पहुंची।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष नजीर अजहर ने कहा कि परिवार में आपसी मतभेद होता रहता है। दोनों नेताओं के बीच की गलतफहमियों को दूर कर लिया गया है।