
सूने मकान को बनाया निशाना, नकदी और कीपैड पार करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी का मामला सुलझाया
अनूप बड़ेरिया
कोरिया/बैकुंठपुर। बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर राजेश साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
इलाज के लिए रायपुर गया था परिवार, पीछे से चोर ने बोला धावा
जानकारी के मुताबिक ओडगीनाका निवासी पीड़ित परिवार करीब एक माह से इलाज के सिलसिले में अपने घर पर ताला लगाकर रायपुर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपी ने रात्रि में ऊपर के रास्ते से मकान के अंदर प्रवेश किया और अंदर के दरवाजों तथा अलमारी का ताला तोड़कर नकद रकम और कीपैड चोरी कर लिया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद बैकुंठपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद चोरी की वारदात में शामिल आरोपी की पहचान मनोज कुमार राजवाड़े के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को भेजा जा रहा न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार राजवाड़े (30 वर्ष), पिता इनेश्वर प्रसाद राजवाड़े, निवासी ओडगीनाका, थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।




