
किसानों के बीच पहुंची कांग्रेस, धान संग्रहण केंद्रों का किया भौतिक निरीक्षण
धान के उठाव, परिवहन और रखरखाव की जानी हकीकत; खाद-उर्वरक की बढ़ती कीमतों पर किसानों ने जताई चिंता
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर, कोरिया | 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कोरिया जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिले के विभिन्न धान संग्रहण केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कांग्रेस नेताओं ने जामपारा, धौराटिकरा, भांडी एवं छिंदडांड स्थित धान संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण किया तथा मौके पर संबंधित समितियों के प्रबंधकों से आवश्यक जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान धान के कुल भंडारण, उठाव एवं परिवहन की स्थिति, केंद्रों में शेष उपलब्ध धान तथा धान के रखरखाव की व्यवस्था की जानकारी ली गई। बारिश और नमी के कारण धान के खराब होने अथवा क्षति की आशंका को लेकर भी कांग्रेस पदाधिकारियों ने मौके पर स्थिति का अवलोकन किया।
किसानों से सीधा संवाद, समस्याओं की ली जानकारी
जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य धान खरीदी एवं संग्रहण व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानना तथा किसानों की वास्तविक समस्याओं को समझना है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों से भी सीधे संवाद किया और धान खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ ही खाद एवं उर्वरक की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।
किसानों ने कांग्रेस पदाधिकारियों को बताया कि खेती में उपयोग होने वाली खाद एवं उर्वरकों की कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी हुई है, जिससे किसानों की खेती की लागत बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मुद्दों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।

किसानों के मुद्दों को प्रदेश स्तर पर उठाएगी कांग्रेस
प्रदीप गुप्ता ने कहा कि धान किसानों की मेहनत और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए धान खरीदी, संग्रहण, उठाव एवं परिवहन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसानों को खाद-उर्वरक सहित आवश्यक कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं को कांग्रेस संगठन के माध्यम से उचित मंच पर उठाया जाएगा।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ नेता मुख्तार अहमद, अजय सिंह, रामकृष्ण साहू, विकास श्रीवास्तव, दीपक गुप्ता, राजू भगत, दिलबंधु, संतोष गोयन, राजू साहू, अजय साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




