
पुलिस लाइन में गूंजा फिटनेस का जोश: एरोबिक्स से जुड़ी 300 महिलाएं-बच्चे, पुलिस-जनता की दूरी हुई कम
अनूप बड़ेरिया
कोरिया। पुलिस लाइन परिसर में महिलाओं, बच्चियों, बच्चों और आम नागरिकों के लिए भव्य एरोबिक्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 250 से 300 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, ऊर्जा और फिटनेस का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देना और पुलिस व आम जनता के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना रहा। साथ ही, सभी को स्वस्थ और फिट रहने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में पीटीआई संजू और लालता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रतिभागियों को एरोबिक्स गतिविधियों में मार्गदर्शन दिया। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के नेतृत्व में इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पुलिस विभाग समाज को फिट और स्वस्थ रखने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने क्रीड़ा विभाग से आए सरगुजा ओलंपिक के सिंबल के साथ पीटी कर खूब आनंद उठाया। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से कराने की मांग की और पुलिस के इस पहल की सराहना की।




