
थाने की नाक के नीचे चोरों का ‘कारनामा’! विधायक के निर्माणाधीन आवास से 2 बंडल सरिया पार, पुलिस महकमे में मची हलचल
चरचा थाने से चंद कदमों की दूरी पर बन रहा है विधायक भैयालाल राजवाड़े का आवास; तीन दिन पहले हुई चोरी, एसपी ने थाना प्रभारी से मांगा कार्रवाई का ब्योरा, संदिग्धों से पूछताछ जारी
अनूप बड़ेरिया
कोरिया (Page11News)। जिले में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब चोरों ने पुलिस थाने के ठीक बगल में बन रहे बैकुंठपुर विधायक के निर्माणाधीन आवास को भी नहीं छोड़ा। यहां से अज्ञात चोर दो बंडल लोहे की सरिया चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि जिस निर्माणाधीन मकान में चोरी की वारदात हुई, वह चरचा थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित है।
जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े का आवास चरचा थाना परिसर के बगल में निर्माणाधीन है। करीब तीन दिन पहले अज्ञात चोरों ने निर्माण कार्य में उपयोग के लिए रखे दो बंडल लोहे की छड़ पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना ने न केवल निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पुलिस की गश्त और निगरानी को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है।
लोकार्पण कार्यक्रम में एसपी तक पहुंचा मामला
इस चोरी की जानकारी रविवार को सिटी कोतवाली के नवीन थाना भवन के लोकार्पण अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर को दी गई। मामला संज्ञान में आते ही एसपी ने चरचा थाना प्रभारी से घटना के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। इस दौरान थाना प्रभारी गौतम ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
थाने के बगल में चोरी, सुरक्षा पर सवाल!
इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि चोरों ने किसी सुनसान इलाके या दूरदराज के निर्माण स्थल को निशाना नहीं बनाया, बल्कि थाने के ठीक बगल में बन रहे विधायक के आवास से ही सरिया पार कर दी। ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस की सक्रियता को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।
फिलहाल पुलिस का दावा है कि संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कितनी जल्दी करती है और थाने की चौखट के बगल में हुई इस चोरी के पीछे कौन से चेहरे बेनकाब होते हैं।




