
नपा अध्यक्ष चुनाव:: 1 जनवरी को होगा…कांग्रेस में अभी संशय…भाजपा से नमिता…उपाध्यक्ष:: शिवपुर-चरचा में पेंच… बैकुंठपुर में आशीष यादव…भाजपा-कांग्रेस संगठन…
अनूप बड़ेरिया
कोरिया जिला के बैकुंठपुर व शिवपुर-चरचा में नगरीय निकाय चुनाव सम्पन्न होने के बाद अब नपा अध्यक्ष का चुनाव 1 दिसम्बर को होना है, इस आशय का बैकुंठपुर के पीठासीन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी निर्वाचित पार्षदों को पत्र भी जारी कर दिया है।
नगरीय निकाय में बैकुंठपुर में कांग्रेस के पास खुद की 11 व 1 निर्दलीय अभिनेन्द्र सिंह के समर्थन के बाद संख्या बल 12 हो गई है। यहां कुल 20 सीट हैं। अभिनेन्द्र सिंह के कांग्रेस प्रवेश की भी चर्चा जोरों पर है। बैकुंठपुर में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पूर्व नपा अध्यक्ष अशोक जायसवाल की पत्नी साधना जायसवाल का नाम तय माना जा रहा है। वहीं आफताब अहमद की धर्मपत्नी मुशरर्त जहां व अन्नपूर्णा सिंह ने भी अपनी दावेदारी जोरदार तरीके से रखी है। हालांकि कांग्रेस अपने अप्रत्याशित निर्णय के लिए प्रसिद्ध है अतः कुछ भी हो सकता है।
संख्या बल कम होने के बाद भी भाजपा नपा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए कमर कस चुकी है। भाजपा को कांग्रेस पार्षदों के क्रॉस वोटिंग का भरोसा है। यहां से अध्यक्ष के लिए श्रीमती नमिता शिवहरे व उपाध्यक्ष के लिए भानू पाल का नाम बताया जा रहा है।
वही उपाध्यक्ष पद के लिए आशीष यादव उर्फ लल्ला का नाम लगभग तय है। उन्हें भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेष शिवहरे को पराजित करने का ईनाम मिल सकता है।
शिवपुर-चरचा में कांग्रेस के 8 पार्षद हैं व दो निर्दलीय कुमोद मिश्रा व रामकली का समर्थन मिलने के बाद संख्या बल 10 हो सकती है, यहाँ 15 सीट हैं। यहां से कांग्रेस के बड़े चेहरे भूपेंद्र यादव की धर्मपत्नी लालमुनी यादव का अध्यक्ष बनना तय है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस में पेंच फंसा हुआ है। उपाध्यक्ष पद के लिए रेशमा परवीन, पूनम शर्मा और वर्मा ने दावेदारी की है।
वहीं भाजपा से अध्यक्ष के लिए अरुण जायसवाल व उपाध्यक्ष के लिए राजेश सिंह का नाम सामने आ सकता है।
भाजपा बनाम कांग्रेस संगठन-इस पूरे चुनाव में भाजपा का मैनेजमेंट व संगठन पूरी तरह बिखरा नजर आया। ठोस रणनीति नही होने व जिला विभाजन मुद्दा को सही ढंग से न भुनाने का खामियाजा भाजपा को बुरी कदर उठाना पड़ा। वहीं भाजपा के दिग्गज नेता स्व.तीरथ गुप्ता की कमी भी पार्टी को खली।
वहीं कांग्रेस का संगठन व चुनावी मैनेजमेंट पूरी तरह प्रभावी दिखा। जिलाध्यक्ष नजीर अजहर की अगुवाई में कांग्रेस ने यह जीत हासिल की। शिवपुर-चरचा में जहां पीसीसी सचिव योगेश शुक्ला की टीम ने पिछली बार की तरह इस बार भी कांग्रेस को एकतरफा बढ़त दिलाई तो। हर वार्ड में संगठन ने प्रभारी नियुक्त कर टीम खड़ी की जिससे कांग्रेस हर मतदाता तक आसानी से पहुंच सकी और परिणाम सामने हैं। वही कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इस चुनाव में संगठन की ताकत का एहसास कराया। उन्हें 2 वार्ड की जिम्मेदारी 5 और 6 नम्बर की मिली। जिसमे उन्होंने अपनी पूरी टीम झोंक दी। दिन-रात की मेहनत का नतीजा है कि भाजपा के अजेय योद्धा व हैट्रिक बना चुके गुलाब गुप्ता को कांग्रेस के धीरज शिवहरे ने हराया। तो आशीष यादव 6 नम्बर से जीते। इस चुनाव के बाद अजय सिंह और मजबूत हो कर उभर आए हैं। नगरीय निकाय मंत्री शिवकुमार डहरिया ने भी अजय सिंह की तारीफ की थी।