
नौगई हत्याकांड पर उबला राजपूत समाज, सीबीआई जांच और नार्को टेस्ट की मांग, आंदोलन की चेतावनी
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/सोनहत। ग्राम नौगई में हुए बहुचर्चित जघन्य हत्याकांड को लेकर अब सामाजिक संगठनों का आक्रोश भी सामने आने लगा है। श्री राजपूत करणी सेना (छत्तीसगढ़) ने मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, सीबीआई जांच एवं नार्को टेस्ट कराने की मांग की है।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम नौगई, थाना सोनहत में हुई इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। संगठन का आरोप है कि विवाद के समाधान के बहाने पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को बुलाकर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उनके वाहन को टक्कर मारी गई और बाद में वाहन सहित उसमें सवार लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ लाठी, डंडा, फरसा एवं अन्य धारदार हथियारों से मारपीट की गई। संगठन ने इस पूरे घटनाक्रम को पूर्व नियोजित षड्यंत्र बताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय, आक्रोश और असंतोष का माहौल है। लोगों का कानून-व्यवस्था से विश्वास डगमगाने लगा है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है।

संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशव्यापी उग्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय परिस्थिति की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
राजपूत करणी सेना ने जनभावनाओं और न्याय की मांग को ध्यान में रखते हुए मामले में तत्काल प्रभाव से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।




