
अब भाजपा-कांग्रेस डोर टू डोर…भाजपा से शैलेष शिवहरे तो कांग्रेस से ब्लॉक अध्यक्ष व नपा उपाध्यक्ष की टीम..लेकिन मतदाताओं में रहस्यमय चुप्पी से बढ़ी चिंता..
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर विधानसभा का चुनाव आईसीसी वर्ल्ड कप की तरह रोमांचक हो चला है। इस बार की चुनावी बयार कुछ इस तरह है की मतदाताओं की रहस्यमय चुप्पी से इस बात का अंदाजा लगाना काफी मुश्किल हो रहा है की राजनीतिक ऊंठ किस करवट बैठेगा। मुख्य पार्टी भाजपा और कांग्रेस दोनों में ही कांटे का मुकाबला नजर आ रहा है। कोई भी पार्टी के पदाधिकारी या कार्यकर्ता परिणाम को लेकर आत्मविश्ववास से कोई भी दावा नही कर पा रहे हैं।
वहीं अब भाजपा और कांग्रेस शहरी क्षेत्र में डोर टू डोर प्रचार में निकल पड़े हैं।

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेष शिवहरे ने अपनी टीम के साथ ग्रामीण अंचलों के साथ ही शहर में पूरे दम-खम के साथ भाजपा प्रत्याशी भैयालाल राजवाड़े के समर्थन में वोट मांगने के लिए निकल पड़े हैं।

वही कांग्रेस की ओर से ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह व नपा उपाध्यक्ष आशीष यादव की अगुवाई में चरचा ब्लॉक अध्यक्ष अजीत लकड़ा, युवक कांग्रेस प्रदेश महासचिव के संजीव सिंह काजू, रामसजीला यादव, अन्नपूर्णा सिंह, आफताब अहमद, सौरभ गुप्ता, अंकित गुप्ता, धीरू शिवहरे, विपुल शुक्ला सहित अनेक कांग्रेसी विभिन्न वार्डो में जा कर कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका सिंहदेव के समर्थन में वोट की अपील मतदाताओं से कर रहें हैं। कुल मिलाकर दोनों ही दलों के कार्यकर्ता जोर-जोर से अपनी-अपनी पार्टी के लिए लगे हैं। लेकिन फिलहाल कोई भी अंदाजा लगाना मुश्किल है।