
कोरिया कांग्रेस अब मोदी फार्मूले की राह पर…दिग्गज व पुरानों की जगह नए व युवाओं को जिला टीम में जगह..अम्बिका समर्थकों को तरजीह…
अनूप बड़ेरिया
पीसीसी से हरी झंडी मिलने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने अपनी जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी है। जो बली.. उसी की चली की तर्ज पर पूर्व विधायक श्रीमती अम्बिका सिंहदेव के समर्थकों को तरजीह दी गई है। मोदी फार्मूले की राह चलते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता की टीम में नए व जो संगठन में पहले किसी भी पद में नही रहे उन्हें मौका दिया गया है जो युवाओ की टीम से सुसज्जित है। वहीं संगठन के पूर्व पदाधिकारियों व पुराने कांग्रेसियों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है, जिसमे अम्बिका सिंहदेव विरोधियों की संख्या ज्यादा है।
कोरिया कांग्रेस में स्थायी आमंत्रित सदस्यों की संख्या 7, विशेष आमंत्रित सदस्य 7, उपाध्यक्ष 7, महामंत्री- कार्यकारिणी सदस्य – संयुक्त महामंत्री तथा सचिव 22-22 की संख्या में हैं। मीडिया विभाग में दीपक गुप्ता व सौरभ गुप्ता को प्रवक्ता बनाया गया है सोशल मीडिया की जिम्मेदारी विपिन शुक्ला और आशीष अग्रहरी को दी गई है। कार्यकारिणी में जातिगत व क्षेत्रीय सन्तुलन को पूरी तरह नजर अंदाज किया गया है।

पूरी सूची इस प्रकार है-


इन दिग्गज व पुराने पदाधिकारियों को नही मिली जगह-
कांग्रेस के इन पुराने पदाधिकारियों व दिग्गज नेताओं को जगह नही मिली है..आम भाषा मे कहा जा सकता है कि इन्हें पूरी तरह साइड लगा दिया है। इसमें बड़ा नाम वेदांती तिवारी का है जो कि प्रदेश महामंत्री व जिपं उपाध्यक्ष भी हैं। हालांकि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पदेन सदस्य रखा जाता है लेकिन यदि इनका नाम सूची में होता तो बात ही कुछ और होती।
वहीं कांग्रेस के बड़े चेहरों में अनिल जायसवाल,शैलेंद्र सिंह, प्रवीर भट्टाचार्य, विनोद शर्मा पटना, मुख्तार अहमद, चन्द्र प्रकाश राजवाड़े, राकेश जायसवाल, मनोज दुबे, रवि राजवाड़े, संगीता राजवाड़े, मनजिंदर कौर, गणेश राजवाड़े, सुरेंद्र तिवारी, आशीष डबरे, आशा महेश साहू, शारदा दुबे, विजय सिंह, निलेश पांडेय, रकीबा बेगम, आफताब अहमद, रियाज अहमद, घनश्याम जायसवाल, ईश्वर दयाल सिंह, सरोज पैकरा सहित अनेक लोगों को स्थान नहीं मिला है।
कांग्रेस नेत्री असगरी को दो पद ?
कांग्रेस नेत्री असगरी बेगम को कार्यकारी सदस्य के साथ जिला सचिव भी बनाया गया है। अब यह लिपकीय त्रुटि है या असगरी नाम की दो महिला नेत्री है, यह कांग्रेस नेतृत्व ही बता सकता है।
पति के साथ पत्नी को भी पद
जिला अध्यक्ष ने उदारता दिखाते हुए एक ही घर में दो पद देते हुए पति-पत्नी दोनों को ही पदाधिकारी बनाया है। जिसमें पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कलावती मरकाम जहां स्थाई आमंत्रित सदस्य हैं, तो वही उनके पति शीतल सिंह मरकाम को उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल को कोषाध्यक्ष तथा उनकी पत्नी श्रीमती साधना जायसवाल को सचिव बनाया गया है। इसी प्रकार सोनहत क्षेत्र के पुष्पेंद्र राजवाड़े को जिला महामंत्री तथा उनकी पत्नी ज्योत्स्ना राजवाड़े जिला पंचायत सदस्य को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।