
घटिया नाली निर्माण.. CMO ने तोड़ कर नया बनाने के दिए निर्देश.. कांग्रेस का 11 को प्रदर्शन..
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/नगर पंचायत पटना क्षेत्र के इमली चौक से सती मंदिर तक बन रही नाली को लेकर एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने ठेकेदार पर अमानक सामग्री के उपयोग और मनमानी तरीके से निर्माण कार्य को अंजाम देने का गंभीर आरोप लगाते हुए आगामी 11 सितंबर को धरना प्रदर्शन की घोषणा की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता एवं नगर पंचायत पटना सांसद प्रतिनिधि दीपक खत्री ने बताया कि यह नाली निर्माण कार्य न केवल घटिया स्तर पर किया जा रहा है, बल्कि प्रशासनिक निर्देशों की भी खुलेआम अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को नगर पंचायत अध्यक्ष,मुख्य नगरपालिका अधिकारी और उप अभियंता के द्वारा इस नाली निर्माण का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान नाली की गुणवत्ता को असंतोषजनक पाते हुए उप अभियंता ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अमानक निर्माण को तोड़कर दोबारा सही तकनीक और सामग्री से निर्माण किया जाए।
इसके बाद, 25 अगस्त को सीएमओ के द्वारा ठेका फार्म को पत्र जारी कर उप अभियंता के निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया था। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई थी कि यदि निर्देशों की अवहेलना की गई,तो संबंधित ठेकेदार पर अनुबंध के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बावजूद इसके,न तो अमानक नाली को तोड़ा गया,और न ही सुधारात्मक कार्य प्रारंभ हुआ। इसके अलावा, ठेकेदार के द्वारा बचा हुआ कार्य उसी मनमाने तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस नेता दीपक खत्री ने आरोप लगाया कि ठेकेदार,उप अभियंता और सीएमओ के निर्देशों की खुलेआम अवहेलना कर रहा है,जिससे यह स्पष्ट होता है कि नाली निर्माण में गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही हैं। इस निर्माण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही और घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह गंभीर है और 11 सितंबर को निर्माण स्थल पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा।




