
छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर पर तैलिक समाज का नया संगठन गठित..“तैलिक समाज एसोसिएशन” की स्थापना, राहुल गुप्ता ‘माउंटेन मैन’ बने संस्थापक..
रायपुर। तैलिक समाज के सर्वांगीण विकास, एकजुटता और संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल करते हुए छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर के संगठन “तैलिक समाज एसोसिएशन” की औपचारिक स्थापना की गई है। इस संगठन की स्थापना का नेतृत्व प्रदेश के युवा समाजसेवी एवं साहसिक खेलों में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके राहुल गुप्ता ‘माउंटेन मैन’ ने किया है।
नवगठित तैलिक समाज एसोसिएशन का उद्देश्य देशभर में फैले तैलिक समाज को एक साझा राष्ट्रीय मंच पर लाकर शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, युवा क्षमता विकास, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ठोस और प्रभावी पहल करना है। संगठन पूरी तरह गैर-राजनीतिक और गैर-व्यावसायिक स्वरूप में समाज सेवा के भाव से कार्य करेगा।
समाज के उत्थान के लिए स्पष्ट लक्ष्य:
संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में तैलिक समाज को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त पहचान दिलाना, युवाओं और महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना, शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए नई योजनाएं शुरू करना तथा समाज के आर्थिक- सामाजिक उत्थान हेतु पारदर्शी और जनहितकारी कार्यक्रम संचालित करना शामिल है।
इस अवसर पर संस्थापक राहुल गुप्ता ‘माउंटेन मैन’ ने कहा कि तैलिक समाज एसोसिएशन का उद्देश्य केवल संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि समाज को उसका वास्तविक सम्मान और अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का समग्र विकास सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं है और यह संगठन उसी दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है।
राष्ट्रीय विस्तार की योजना:
संगठन की विस्तार योजना के तहत पहले चरण में छत्तीसगढ़ में मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाएगा। इसके बाद देश के विभिन्न राज्यों में शाखाएं स्थापित कर व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। संगठन का लक्ष्य एकता, प्रगति और सम्मान की भावना के साथ एक जागरूक, संगठित और सशक्त तैलिक समाज का निर्माण करना है।
तैलिक समाज एसोसिएशन की स्थापना को समाज के लिए एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है, जो आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावी पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर होगा।




