
राज्य स्तरीय बैठक में गूंजा कोरिया का प्रतिनिधित्व: सुनीता कुर्रे ने उठाई अनुसूचित जाति उत्थान की मजबूत आवाज
राज्य स्तरीय बैठक में गूंजा कोरिया का प्रतिनिधित्व: सुनीता कुर्रे ने उठाई अनुसूचित जाति उत्थान की मजबूत आवाज
कोरिया/छत्तीसगढ़ | (लालदास महन्त की विशेष रिपोर्ट)
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक में कोरिया जिले की सक्रिय भाजपा नेता सुनीता कुर्रे ने भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया। इस बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान और पुनर्वास जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सुनीता कुर्रे, जो सामाजिक विकास कार्यों में लगातार सक्रिय हैं और वर्तमान में राज्य स्तरीय सर्वेक्षण समिति की सदस्य भी हैं, ने बैठक में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने विशेष रूप से हाथ से मैला उठाने वाले परिवारों के पुनर्वास, सम्मानजनक जीवन, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर गहन मंथन हुआ। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि इन योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति वर्ग के समग्र विकास के लिए एक समन्वित, संवेदनशील और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे जमीनी स्तर पर बदलाव सुनिश्चित हो सके।
इस बैठक में सुनीता कुर्रे की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि कोरिया जिले की आवाज अब राज्य स्तर पर मजबूती से उठ रही है।




