
विश्व क्षय दिवस कार्यक्रम में खोंगापानी की अनदेखी पर बवाल! पूर्व विधायक गुलाब कमरों का बड़ा सवाल—“क्या MCB में खोंगापानी नहीं आता?”
अनूप बड़ेरिया
विश्व क्षय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित टीबी मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण के राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में प्रोटोकॉल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की सूची से नगर पंचायत खोंगापानी की अध्यक्ष का नाम गायब रहने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
पूर्व विधायक ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि “क्या एमसीबी जिले में खोंगापानी नहीं आता?” उन्होंने इसे क्षेत्र की उपेक्षा बताते हुए कहा कि यह न केवल जनप्रतिनिधियों का अपमान है, बल्कि पूरे क्षेत्र की अनदेखी भी है।
उन्होंने सरकार और प्रशासन से सीधा जवाब मांगते हुए पूछा कि आखिर इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नगर पंचायत खोंगापानी की अध्यक्ष श्रीमती ललिता रामा यादव को क्यों शामिल नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस चूक के लिए जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिम्मेदार हैं?
गुलाब कमरों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर अब जिले की राजनीति गरमा सकती है।




