
निरीक्षण में स्कूल में एक भी छात्र नही… प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस, कलेक्टर ने मांगा 2 दिन में जवाब
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर/कोरिया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कोरिया द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनसुख की प्राचार्य श्रीमती नीलिमा टोप्पो को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। 19 जून 2026 को विद्यालय के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जारी नोटिस के अनुसार निरीक्षण के समय विद्यालय में एक भी विद्यार्थी उपस्थित नहीं मिला। वहीं शिक्षक भी विलंब से पहुंचे। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाया गया तथा शिक्षण कार्य समय-सारिणी के अनुरूप संचालित नहीं हो रहा था। इसके अलावा पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण का कार्य भी संतोषजनक नहीं पाया गया।
कलेक्टर ने नोटिस में कहा है कि यह स्थिति शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता को दर्शाती है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों के विपरीत है।
प्राचार्य को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, आयुक्त सरगुजा संभाग, संयुक्त संचालक शिक्षा तथा जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनाार्थ प्रेषित की गई है।



