
हल्द्वानी की घटना के विरोध में बैकुंठपुर में कांग्रेस का मार्च-सत्याग्रह, सामाजिक समानता की रक्षा का लिया संकल्प
खड़गे और दलित समाज के कथित अपमान के विरोध में राजीव भवन से गांधी पार्क तक निकला मार्च, भाजपा से माफी की मांग
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/बैकुंठपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में सभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के विरोध में रविवार को बैकुंठपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसजन राजीव भवन से गांधी पार्क तक मार्च करते हुए पहुंचे और सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने घटना को मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पूरे दलित समाज के सम्मान से जोड़ते हुए इसे जातिगत भेदभाव की मानसिकता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसकी उपस्थिति से किसी स्थान को ‘अपवित्र’ मानना बेहद शर्मनाक और भेदभावपूर्ण है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खड़गे का कथित अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि करोड़ों दलितों, वंचितों और समानता में विश्वास रखने वाले नागरिकों के सम्मान पर चोट है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उससे जुड़े संगठन जाति एवं धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा से जुड़े संगठनों से इस घटना के लिए देश और दलित समाज से माफी मांगने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ मनाने जा रहा है और ऐसे समय में जाति के आधार पर किसी व्यक्ति अथवा समाज को अपमानित करने की घटना लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत संविधान से चलता है, जहां छुआछूत, जातिगत भेदभाव और सामाजिक विभाजन के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, समानता, सामाजिक न्याय, बंधुत्व और मानवीय गरिमा की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
मार्च-सत्याग्रह में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ नेता मुख्तार अहमद, हेमसागर यादव, सुरेंद्र तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, अजीत लकड़ा, आशीष यादव लल्ला, सुरेश सिंह, अजय सिंह, गणेश राजवाड़े, भूपेंद्र यादव, विकास श्रीवास्तव, रियाजउद्दीन, दीपक गुप्ता, रामकृष साहू, रवि राजवाड़े, धीरज सिंह, सौरभ गुप्ता, अंकित गुप्ता, मोनू मांझी, जाग्रत कुर्रे, रामाधार टोप्पो, अनिल सिंह, राजू भगत, मोहन लाल यादव, स्वतंत्र महोबिया, वसीम खान, फोराग सिद्दीकी, एजाज गुड्डू, अविनाश पाठक, संतोष राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।




