
TET की अनिवार्यता खत्म करो, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करो TET मुक्ति रैली में शिक्षकों ने भरी हुंकार, शहर की सड़कों पर गूंजे अधिकारों के नारे
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को कोरिया जिले में TET मुक्ति रैली निकाली गई। जिलेभर से बड़ी संख्या में शिक्षक रैली में शामिल हुए और TET की अनिवार्यता समाप्त करने, पूर्व से नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा वर्षों की सेवा का सम्मान करने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
रैली का शुभारंभ प्रेमबाग, बैकुंठपुर से हुआ। हाथों में मांगों से संबंधित संदेश और नारों के साथ शिक्षक शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कुमार चौक पहुंचे। इस दौरान शिक्षकों ने एकजुट होकर शासन से उनकी सेवाओं को नई परीक्षा की अनिवार्यता से असुरक्षित न किए जाने की मांग की।
रैली के पश्चात शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार बैकुंठपुर को शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों की मांगों से शासन को अवगत कराते हुए शीघ्र सकारात्मक एवं न्यायसंगत निर्णय लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय सह-संचालक अशोक कुर्रे, अशोक गुप्ता, जिला संचालक वीरेंद्र तिवारी, बिजेंद्र यादव, ब्लॉक संचालक रूपेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों से शिक्षा विभाग में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दे रहे शिक्षकों के भविष्य को किसी नई परीक्षा की अनिवार्यता के कारण असुरक्षित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने शासन से इस मामले का स्थायी और न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति अथवा संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए है। मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी जारी रखने की बात कही गई।
कार्यक्रम का संचालन चेतनारायण कश्यप ने किया। रैली में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे शिक्षक, संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक साथी शामिल हुए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।




