
चक्रवात और बेमौसम बारिश से रायगढ़ के किसानों की फसल बर्बादी अत्यंत पीड़ादायक, जिला प्रशासन त्वरित सर्वे कराकर दे उचित मुआवजा और फसल बीमा का लाभ — तारेन्द्र डनसेना
रायगढ़ । जिले में हाल ही में आए चक्रवाती प्रभाव और बेमौसम हुई भारी बारिश व आंधी-तूफान के कारण जिले के ग्रामीण अंचलों में किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान और अन्य फसलें पूरी तरह से बिछड़कर बर्बाद होने के कगार पर पहुंच चुकी हैं। प्रकृति की इस अचानक आई मार से अन्नदाता पूरी तरह टूट चुका है और उसके माथे पर भारी आर्थिक संकट की चिंता साफ झलक रही है। इस गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल और ठोस कदम उठाने की पुरजोर मांग की है।
तारेन्द्र डनसेना ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि रायगढ़ जिले का किसान सालभर खून-पसीना बहाकर अपने खेतों में फसल तैयार करता है, लेकिन कटाई के वक्त इस तरह बेमौसम चक्रवात और बारिश से फसल का नष्ट हो जाना किसानों के लिए किसी वज्रपात से कम नहीं है। खेतों में चारों तरफ बिछी और बर्बाद हो रही फसलें इस बात की गवाही दे रही हैं कि किसानों के सामने अब आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परिवार के भरण-पोषण और कर्ज के चुकाव की चिंता में किसान मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन और कृषि विभाग को तुरंत मैदानी स्तर पर उतरने की सख्त जरुरत है।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि—-
• विशेष जांच दल का गठन
जिला प्रशासन बिना किसी विलंब के राजस्व, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करे।
• त्वरित एवं पारदर्शी सर्वे
प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों और खेतों में जाकर चक्रवात से हुए फसल नुकसान का वास्तविक, पारदर्शी और युद्धस्तर पर सर्वे कराया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित किसान मुआवजे से न छूटे।
• उचित मुआवजा राशि
किसानों को हुई कुल फसल हानि का आकलन कर उन्हें तत्काल शासन स्तर से पर्याप्त आर्थिक सहायता व मुआवजा प्रदान किया जाए।
• फसल बीमा का लाभ
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत पात्र किसानों को उनकी बर्बाद फसलों का पूरा बीमा क्लेम बिना किसी कागजी अड़चन के समय पर दिलाया जाए।
• ऋण वसूली पर रोक
इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए किसानों के बैंक ऋण और सहकारी समितियों के कर्ज़ की वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने अंत में कहा कि अन्नदाता देश की रीढ़ हैं और कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में किसानों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। जिला प्रशासन जल्द से जल्द संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र ही उचित मुआवजा और राहत कार्य प्रारंभ करें।




