
भीषण सड़क हादसे पर कांग्रेस का अल्टीमेटम: FIR और मुआवजा दो, वरना होगा घेराव
अनूप बड़ेरिया
मनेंद्रगढ़। ग्राम पंचायत परसगढ़ी तिराहे के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य में लगी डीवी प्रोजेक्ट कंपनी के पानी टैंकर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेताओं ने तुरंत सख्त रुख अपनाया। भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल थाने पहुंचा और थाना प्रभारी से मुलाकात कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही एसडीएम से फोन पर चर्चा कर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में मांग रखी कि डीवी प्रोजेक्ट से जुड़े वाहन चालक, कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए और निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही से हुई मौत है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनियां नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रही हैं और प्रशासन मौन बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
वहीं मनेंद्रगढ़ विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी रमेश सिंह ने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासनिक निगरानी की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने मृतक परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और न्याय देने की मांग करते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने ढिलाई बरती तो कांग्रेस थाना और प्रशासनिक कार्यालय का घेराव करेगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, महामंत्री रफीक मेमन, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और मृतक परिवार को मुआवजा नहीं मिला, तो व्यापक जनआंदोलन करते हुए थाना एवं प्रशासनिक कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




