
एनटीपीसी लारा में एसिड रिसाव पर मॉक ड्रिल और सुरक्षा कार्यशाला का सफल आयोजन …. आपातकाल की स्थिति में निपटने ….व्यावहारिक और तकनीकी गुर सिखाए …और सभी पावर प्लांट के प्रतिनिधि हुए शामिल
लारा/पुसौर। एनटीपीसी लारा परिसर में आज सुरक्षा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक वृहद मॉक ड्रिल और सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में सभी इंडिपेंडेंट पावर प्लांट के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जहाँ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यावहारिक और तकनीकी गुर सिखाए गए। पूरा कार्यक्रम औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के नेतृत्व में संपन्न हुआ। विभागीय अधिकारी के रूप में उप संचालक राहुल पटेल स्वयं उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल के दौरान वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में अचानक एसिड रिसाव का एक काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। साइरन बजते ही प्लांट की सुरक्षा और आपातकालीन टीमें तुरंत एक्शन मोड में आ गईं और सिर्फ 14 मिनट में रेस्क्यू और कंटेनमेंट ऑपरेशन पूरा किया गया। इस मॉक ड्रिल की सबसे बड़ी खासियत टीमों का आपसी तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया रही। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा, बचाव और रिसाव को रोकने का पूरा ऑपरेशन मात्र 14 मिनट के रिकॉर्ड समय में सफलता पूर्वक पूरा कर लिया गया।

इस ऑपरेशन में सेफ्टी टीम द्वारा सुरक्षा मानकों की निगरानी और रिसाव नियंत्रण, सीआईएसएफ की टीम घटना स्थल की घेराबंदी और सुरक्षा प्रबंधन, कम्युनिकेशन टीम द्वारा त्वरित सूचनाओं का आदान-प्रदान, मेंटेनेंस टीम द्वारा तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने, मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा टीमों ने अपनी मुख्य भूमिका निभाई।
फील्ड में सफल मॉक ड्रिल के बाद एनटीपीसी लारा के मुख्य प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों और आईपीपी पावर प्लांट के विशेषज्ञों ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने मात्र 14 मिनट में सफल रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करने पर सभी टीमों की पीठ थपथपाई और कहा कि ऐसी ड्रिल से भविष्य में किसी भी वास्तविक आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ता है।




