⚡ बिजली की बदहाली और जानलेवा सड़क पर फूटा जनआक्रोश..”अब नहीं चलेगी लापरवाही” … शहरवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी..
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर सहित पूरे जिले में चरमराई बिजली व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की गंभीर समस्याओं को लेकर गुरुवार 4 जून 2026 को नागरिकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। शहरवासियों ने कलेक्टर को अलग-अलग ज्ञापन सौंपते हुए बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर जनआंदोलन की चेतावनी दी।
जर्जर तार, बार-बार कटौती और फुंक रहे ट्रांसफार्मर
ज्ञापन में कहा गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। ट्रांसफार्मरों पर लगातार बढ़ते लोड के कारण उनके खराब होने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने मांग की कि सभी ट्रांसफार्मरों की लोड टेस्टिंग कर क्षमता बढ़ाई जाए तथा जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं।
शहर के मुख्य मार्गों पर झूलते और जर्जर बिजली तारों को भी गंभीर खतरा बताते हुए उन्हें तत्काल बदलकर सुरक्षित केबल बिछाने की मांग की गई। साथ ही मेंटेनेंस के नाम पर होने वाली अघोषित बिजली कटौती पर सवाल उठाते हुए विभाग से मेंटेनेंस कार्यों की सार्वजनिक जानकारी जारी करने की मांग की गई। लोगों ने 24 घंटे संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू करने की भी मांग रखी।
गेज नदी पुल बना दुर्घटनाओं का केंद्र
नागरिकों ने गेज नदी पुल के समीप बने टेढ़े मार्ग को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए चिंता व्यक्त की। पुराने और नए पुल के जुड़ाव से बने खतरनाक मोड़ पर आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन में पुल के दोनों ओर हाई-विजिबिलिटी रेडियम संकेतक बोर्ड लगाने और सड़क-पुल के जॉइंट पर बार-बार बनने वाले गड्ढों का स्थायी समाधान करने की मांग की गई।
एसईसीएल मैदान को कार्यक्रमों के लिए किया जाए आरक्षित
शहर में बड़े आयोजनों और खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त मैदान नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। नागरिकों ने सुझाव दिया कि रामानुज विद्यालय मैदान पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए खाली पड़े एसईसीएल मैदान को भी सार्वजनिक कार्यक्रमों और खेल आयोजनों के लिए आरक्षित किया जाए। इससे मुख्य मार्गों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से भी राहत मिलेगी।
कलेक्टर ने नागरिकों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई और व्यवस्था सुधार का सकारात्मक आश्वासन दिया है।
इस दौरान समाजसेवी एवं साहित्यकार संवर्त कुमार रूप, पार्षद मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक, पार्षद मनीष कुमार सिंह, पार्षद अभिनेंद्र सिंह चंदेल, शहीद अशरफी तथा महेंद्र सिंह सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
अब शहरवासियों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए धरातल पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।




