♦इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦

मास्टर चाबी से उड़ाते थे वाहन, पुलिस ने तोड़ा अंतरजिला चोर गिरोह का नेटवर्क..10 चोरी की मोटरसाइकिलें और 7.50 लाख का महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद, मास्टरमाइंड सहित कई आरोपी गिरफ्तार..

अनूप बड़ेरिया
जिला कोरिया के थाना पटना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न प्रकरणों में चोरी गई 10 मोटरसाइकिलें एवं एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है।
थाना पटना में दर्ज विभिन्न वाहन चोरी के मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस को लगातार वाहन चोरी की घटनाओं की सूचना मिल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
विवेचना एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी मास्टर चाबी का उपयोग कर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट, पैनल, बैटरी एवं अन्य हिस्सों को बदल दिया जाता था और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था या किराये पर चलाने के लिए दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपी एवं उसके सहयोगियों पवन प्रजापति, गिरजा सूर्यवंशी और जमील अंसारी के कब्जे से एचएफ डीलक्स, होंडा शाइन, प्लैटिना, राइडर, यामाहा आर-15 सहित 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े ने 28 मार्च 2026 की रात ग्राम कुचला निवासी तरुण कुमार सोलंकी के घर से लगभग 7.50 लाख रुपये मूल्य का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया था। ट्रैक्टर को आरोपी ने अपने रिश्तेदार ईश्वर प्रसाद के यहां, जिला सूरजपुर के बरौल गांव में छिपाकर रखा था। पुलिस ने दबिश देकर ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया।
बरामद वाहन पटना थाना क्षेत्र के अलावा सूरजपुर जिले के देवनगर, भुवनेश्वरपुर, बरौल तथा अंबिकापुर के जोड़ा पीपल क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह द्वारा चोरी किए गए अन्य वाहन भी विभिन्न क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के संचालन में दो विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) का भी उपयोग किया जाता था। पुलिस द्वारा किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश शाह चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक कोरिया ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अपराधियों को किसी प्रकार का संरक्षण न प्रदान करें। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा चोरी की घटनाओं से प्रभावित वाहन स्वामियों में संतोष का माहौल है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button



स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!
Close