
बड़ी खबर::कोरिया में नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, इन दो नेताओं पर पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज, आरोपी फरार
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर/कोरिया। कोरिया जिले में नाबालिग बालिका से कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली बैकुंठपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कदमनारा निवासी दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर रमेश सिंह टेकाम एवं दरोगा सिंह के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(2)(च)(ड), 65(1), 70(2) तथा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रमेश सिंह टेकाम पूर्व में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के किसान मोर्चा के जिला कार्यवाहक अध्यक्ष रह चुके हैं। हालांकि, पार्टी ने उन्हें जनवरी 2026 में निष्कासित कर दिया था।
इस मामले के सामने आने के बाद जिले में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




