
वी क्लब उड़ान बैकुंठपुर की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न, उत्कृष्ट कार्यों के लिए सदस्यों का हुआ सम्मान
लालदास महंत
कोरिया/बैकुंठपुर। वी क्लब उड़ान बैकुंठपुर की नई कार्यकारिणी के गठन के उपरांत शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद क्लब से जुड़े नए सदस्यों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह में पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान संरक्षक मंजू जीवननी तथा पूर्व कोषाध्यक्ष एवं वर्तमान सह-कोषाध्यक्ष रूची बड़ेरिया की गरिमामयी उपस्थिति में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब की अध्यक्ष बलजीत कौर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बीते वर्ष में क्लब द्वारा किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 जून 2026 को जबलपुर में आयोजित ‘द एसोसिएशन ऑफ वी क्लब्स ऑफ इंडिया’ की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के 23 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इस सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर अंबिकापुर (सरगुजा) को प्रथम तथा वी क्लब उड़ान बैकुंठपुर (कोरिया) को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ, जो जिले के लिए गौरव की बात है।

अध्यक्ष बलजीत कौर ने इस उपलब्धि का श्रेय क्लब के सभी सदस्यों को देते हुए कहा कि “एकता में ही शक्ति है।” उन्होंने सभी से भविष्य में भी सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने, क्लब का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही क्लब के उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष बलजीत कौर, सचिव मधु गुप्ता, कोषाध्यक्ष क्षमा बड़ेरिया सहित सुमित्रा गुप्ता, किरण भार्वे, रानी बड़ेरिया, सुधा शर्मा, मनजिंदर कौर, जया जायसवाल, रीना जायसवाल, स्नेहलता, अंजू पांडेय, सीमा पांडेय, सारिका श्रीवास्तव, सरोज पासवान, मनीषा चिटनिस, शोभा मिश्रा एवं कुलविंदर कौर सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहीं।
समारोह में यह भी बताया गया कि क्लब को डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट ज्योति प्रधान एवं एरिया ऑफिसर प्रभा पटेल के मार्गदर्शन में कार्य करने का अवसर मिल रहा है। उनके निर्देशन और प्रेरणा से वी क्लब उड़ान बैकुंठपुर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है।




