
विकास के नाम पर सरकारी राशि की बर्बादी नहीं! कांग्रेस ने उठाए 13 स्वीकृत कार्यों पर सवाल
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुनर्विचार की मांग, प्रदीप गुप्ता बोले—जहां भविष्य में निर्माण तोड़ना पड़े, वहां पैसा खर्च करना जनहित नहीं
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/बैकुंठपुर। नगर पालिका बैकुंठपुर अंतर्गत अधोसंरचना मद से स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सवाल खड़े करते हुए जनहित के दृष्टिकोण से इन कार्यों की पुनर्समीक्षा की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने मंगलवार को कोरिया कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्वीकृत कार्यों का स्थल निरीक्षण कराने तथा आवश्यकता के आधार पर राशि को अन्य जरूरी विकास कार्यों में लगाने की मांग की।
ज्ञापन में नगर पालिका क्षेत्र में स्वीकृत 13 विकास कार्यों के लिए कुल 300.64 लाख रुपये की राशि का उल्लेख करते हुए कांग्रेस ने कुछ कार्यों को वर्तमान परिस्थितियों में अनावश्यक बताते हुए उन पर पुनर्विचार की मांग की है।

पाथवे पर सबसे बड़ा सवाल—पहले सड़क चौड़ीकरण या पाथवे?
कांग्रेस ने एनएच-43 के दोनों ओर एसईसीएल कार्यालय से मुक्तिधाम तक प्रस्तावित पाथवे निर्माण को लेकर विशेष आपत्ति दर्ज कराई। प्रदीप गुप्ता ने कहा कि खरवत से जमगहना तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। ऐसे में यदि सड़क चौड़ीकरण से पहले पाथवे का निर्माण कर दिया गया और बाद में सड़क के विस्तार के दौरान उसे तोड़ना पड़ा, तो यह सरकारी धन की बर्बादी होगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की स्वीकृति देने से पहले भविष्य की योजनाओं और उनकी उपयोगिता को ध्यान में रखना जरूरी है, ताकि जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा ऐसे निर्माण पर खर्च न हो जिसे कुछ समय बाद हटाना पड़े।
चार कार्यों पर भी मांगा पुनर्विचार
कांग्रेस ने प्रमिला होंडा से नगर पालिका परिसर तक बीटी सड़क निर्माण, इंदिरा पार्क के सामने से जनपद तिराहा तक सड़क मरम्मत तथा मानस भवन के पास पार्क निर्माण सहित चार कार्यों पर पुनर्विचार की मांग की है।
कांग्रेस ने मानस भवन के समीप प्रस्तावित पार्क की जगह पालिका बाजार विकसित करने का सुझाव दिया है। पार्टी का कहना है कि इससे स्थानीय युवाओं और छोटे व्यापारियों को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं तथा नगर पालिका को भी नियमित आय का स्रोत प्राप्त होगा।
जनहित वाले कार्यों में लगे राशि
प्रदीप गुप्ता ने कलेक्टर से मांग की कि सभी संबंधित कार्यों का स्थल निरीक्षण कर नगर पालिका परिषद में पुनर्विचार कराया जाए और स्वीकृत राशि को शहर की वास्तविक जरूरत वाले विकास कार्यों में लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता के पैसों का इस्तेमाल ऐसे कार्यों में होना चाहिए, जिनकी वर्तमान और भविष्य में वास्तविक आवश्यकता हो। केवल निर्माण करा देना विकास नहीं है, बल्कि ऐसा विकास जरूरी है जो लंबे समय तक जनता के काम आए।
चुनाव के बाद कार्य शुरू करने की मांग
कांग्रेस ने आगामी नगरपालिका चुनावों को देखते हुए इन कार्यों का क्रियान्वयन चुनाव के बाद शुरू किए जाने की भी मांग की। कांग्रेस का कहना है कि शासकीय विकास कार्यों के माध्यम से चुनाव प्रभावित होने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए कार्यों की शुरुआत चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जानी चाहिए।
प्रदीप गुप्ता ने कहा कि जनता के पैसों का इस्तेमाल दिखावे या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने के लिए होना चाहिए। कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, महामंत्री बृजवासी तिवारी, शहर ब्लॉक अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’, रियाजउद्दीन, दीपक गुप्ता सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




