
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में जिला अस्पताल में सजा अपनत्व का मंच, स्वास्थ्य जांच के साथ योग और मनोरंजक गतिविधियों ने बढ़ाया उत्साह
Elderly Care Centre में वरिष्ठ नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण एवं सम्मान — जीवन के अनुभवों ने नई पीढ़ी को दिया प्रेरक संदेश
अनूप बड़ेरिया
बैकुंठपुर। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर स्थित Elderly Care Centre में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, मानसिक प्रसन्नता और सम्मान को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों ने उन्हें स्वस्थ खान-पान, उचित पोषण एवं नियमित दिनचर्या को लेकर आवश्यक परामर्श दिया। इसके साथ ही स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आयु एवं क्षमता के अनुरूप सरल योग एवं व्यायाम कराया गया।
मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता ने वरिष्ठ नागरिकों को तनाव से बचाव, सकारात्मक सोच और मानसिक रूप से प्रसन्न रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम को खुशनुमा और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों के साथ विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां भी आयोजित की गईं। वरिष्ठ नागरिकों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
सम्मान पाकर खिले वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे
कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों का शॉल, श्रीफल एवं पेन भेंटकर सम्मान किया गया। सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, डॉ. कार्तिकेय एवं अस्पताल सलाहकार प्रियंका ने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सक्रिय जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अनुभवों की पाठशाला ने बनाया माहौल भावुक और प्रेरणादायक
कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक और प्रेरणादायक पहलू उस समय सामने आया, जब वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियां सभी के साथ साझा कीं। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की सीख दी और नई पीढ़ी को जीवन के उतार-चढ़ाव से सीख लेकर आगे बढ़ने के प्रेरक संदेश दिए। वरिष्ठ नागरिकों की बातों ने कार्यक्रम में भावनात्मक एवं आत्मीय वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सम्मान, अपनत्व और सुरक्षा का अनुभव कराना रहा।
इस अवसर पर डॉ. रमाकांत, डॉ. तरब कौशर, फिजियोथेरेपिस्ट शीबा, सुमन, आंचल, मंजू जायसवाल एवं दीपक सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




