
INC की मान्यता को लेकर छात्रों में भ्रम न फैलाएं, शासन से मान्यता प्राप्त विद्यार्थियों को चिंता की जरूरत नहीं
लालदास महंत
बैकुण्ठपुर (कोरिया)। नर्सिंग शिक्षा एवं नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता को लेकर भारतीय नर्सिंग परिषद (INC), नई दिल्ली के नाम पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न की जा रही है। इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि नर्सिंग संस्थानों को वैधानिक मान्यता प्रदान करने का अधिकार संबंधित राज्य नर्सिंग परिषद एवं राज्य सरकार के स्तर पर है। INC स्वयं नर्सिंग संस्थानों को मान्यता प्रदान करने वाली संस्था नहीं है।
INC द्वारा 19 दिसंबर 2020 को जारी आधिकारिक पत्र में भी स्पष्ट किया गया था कि परिषद के पास नर्सिंग संस्थानों को मान्यता प्रदान करने की शक्ति नहीं है। राज्य नर्सिंग परिषद एवं राज्य सरकार को इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी बताया गया है। यह स्पष्टीकरण कर्नाटक उच्च न्यायालय के निर्णय के संदर्भ में INC द्वारा जारी किया गया था।
ऐसे में जिन नर्सिंग कॉलेजों को छत्तीसगढ़ शासन अथवा सक्षम राज्य प्राधिकारी से आवश्यक अनुमति एवं मान्यता प्राप्त है तथा जिन विद्यार्थियों को शासन की अधिकृत काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश मिला है, उन्हें अनावश्यक रूप से चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। यदि विद्यार्थियों का प्रवेश शासन की निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया से हुआ है और शासन द्वारा उनके अध्ययन एवं परीक्षा संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, तो केवल INC की सूची अथवा उससे संबंधित प्रचार के आधार पर विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर भय का माहौल बनाना उचित नहीं है।

विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया, समाचारों अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित अपूर्ण एवं भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। किसी भी स्थिति में छत्तीसगढ़ शासन, संबंधित विश्वविद्यालय तथा सक्षम नियामक संस्थाओं द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही आधार बनाया जाए।
विद्यार्थियों का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। किसी संस्थान अथवा नियामक व्यवस्था से संबंधित विवाद का प्रभाव सीधे विद्यार्थियों पर नहीं पड़ना चाहिए। सभी संबंधित पक्षों से आग्रह किया गया है कि आधिकारिक दस्तावेजों एवं शासन के निर्णयों के आधार पर ही कोई निष्कर्ष निकालें।
विद्यार्थियों से अपील है कि घबराएं नहीं, अपनी पढ़ाई जारी रखें और केवल अधिकृत सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।




