
बैकुंठपुर में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की तेज हुई मुहिम, गांव-गांव जन चौपाल से कांग्रेस ने जगाई जागरूकता
डकईपारा, खैरी पटना और राजापारा रनई में मंडल स्तरीय जन चौपाल संवाद, मताधिकार की रक्षा और वोट चोरी के खिलाफ जनजागरण का आह्वान
कोरिया/बैकुंठपुर। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत बैकुंठपुर क्षेत्र में कांग्रेस की जनजागरण मुहिम ने गति पकड़ ली है। अभियान के अंतर्गत डकईपारा, खैरी पटना एवं राजापारा रनई में मंडल स्तरीय जन चौपाल संवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को मताधिकार की रक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों के महत्व से अवगत कराया गया।
जन चौपाल के माध्यम से नागरिकों के बीच अभियान के उद्देश्यों को साझा करते हुए मताधिकार की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अभियान के पैम्फलेट ग्रामवासियों के बीच वितरित किए गए तथा कथित वोट चोरी के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की अपील की गई। कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, प्रभारी दीपक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष संतोष सूर्यवंशी, मंडल अध्यक्ष आस्तिक शुक्ला उर्फ लड्डू, जनपद सदस्य राजू साहू, प्रभारी रामकुमार यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

गांव-गांव पहुंचेगा अभियान, जनसंवाद से मजबूत होगी जागरूकता
मंडल स्तरीय जन चौपालों के माध्यम से कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को व्यापक स्वरूप देने की पहल की है। मताधिकार की रक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता को केंद्र में रखकर आयोजित इन संवाद कार्यक्रमों के जरिए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।




