
कांग्रेस के आरोपों पर सीएम साय का तीखा प्रहार: “भ्रष्टाचार करने वालों को नसीहत का हक नहीं”
अनूप बड़ेरिया
छग में सरगुजा ओलिंपिक और कर्मचारी चयन मंडल कानून को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पांच वर्षों तक केवल भ्रष्टाचार किया, उन्हें वर्तमान सरकार को नसीहत देने का कोई अधिकार नहीं है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “जिन लोगों ने 5 वर्षों तक केवल भ्रष्टाचार किया, वे हमें नसीहत देते हैं, यह शोभा नहीं देता।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और न ही प्रदेशवासियों को न्याय दिला पाई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सरकार के हर काम में कमी नजर आती है, जबकि उनकी अपनी कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल कानून से भर्ती प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध होगी, वहीं सरगुजा ओलिंपिक जैसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ाने और खेल प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि उनकी सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है, और प्रदेशवासियों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।




