
मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय : अनुराग सिंहदेव
बैकुण्ठपुर में भाजपा की प्रेसवार्ता, केन्द्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को किया गया रेखांकित
लाल दास महंत कल्ला की रिपोर्ट
कोरिया/बैकुण्ठपुर। देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा विश्राम गृह बैकुण्ठपुर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान केन्द्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को विस्तार से रखा गया।
प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल, जिला मंत्री शारदा गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े एवं सह जिला मीडिया प्रभारी वर्षा साहू उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व करते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल भारत के इतिहास में स्वर्णिम और ऐतिहासिक कालखंड के रूप में दर्ज होगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं। कोरोना महामारी के कठिन दौर से लेकर आज तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड जारी कर गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है।
अनुराग सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाया गया है।
किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा ऋण सीमा को बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक किया गया है।
उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत देते हुए आयकर छूट की सीमा को बढ़ाया गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी योजना और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना प्रभावी साबित हुई है। वहीं सुरक्षाबलों में महिला अधिकारियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
अनुराग सिंहदेव ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने आर्थिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और राष्ट्रीय गौरव के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छुआ है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और नए संसद भवन जैसे अनेक कार्य नए भारत की पहचान बने हैं। उन्होंने कहा कि आज भारतीय संस्कृति और योग की वैश्विक स्वीकार्यता का परिणाम है कि विश्व के 177 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।




